ओल्ड सिटी में बढ़ते जाम से राहत की मांग, कांग्रेस पर्यावरण प्रकोष्ठ ने किया प्रदर्शन

उदयपुर । उदयपुर की ओल्ड सिटी में आये दिन लगने वाले जाम से आमजन को निजात दिलाने और यातायात व्यवस्था सुधारने की मांग को लेकर कांग्रेस पर्यावरण प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष प्रतीक नागर के नेतृत्व में युवाओं ने गुरुवार को जिला कलेक्ट्री के बाहर प्रदर्शन किया। बाद में जिला कलेक्टर को ज्ञापन भी सौंपा गया।

प्रतीक नागर ने बताया कि दिवाली के बाद लेकसिटी में पर्यटकों की भारी भीड़ रहती है, जिससे ओल्ड सिटी के संकरे रास्तों में कई-कई घंटे तक जाम की स्थिति बनी रहती है। स्थानीय लोगों के साथ पर्यटकों को भी परेशानी उठानी पड़ती है। उन्होंने कहा कि स्थिति को देखते हुए पर्यटन सीजन के दौरान ओल्ड सिटी में एकतरफा यातायात व्यवस्था लागू की जाए और केवल दुपहिया वाहनों को ही प्रवेश की अनुमति दी जाए।

साथ ही ऑटो चालकों द्वारा मनमाने तरीके से वाहन खड़े करने पर भी सख्त कार्रवाई की मांग की गई। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में युवा कार्यकर्ता मौजूद रहे जिन्होंने प्रशासन से जल्द कदम उठाने की अपील की।

Spread the love