बम धमाकों की धमकियों पर दिलजीत की खुली चेतावनी:कहा- बेशक बम फेंक दो, उनका मकसद डराना-धमकाना है, वह चाहते हैं मेरे शो में लोग न आएं


लगातार मिल रहीं बम से उड़ाने की धमकियों के बीच दिलजीत ने 27 नवंबर को मुंबई के महालक्ष्मी रेसकोर्ट में कॉन्सर्ट किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि बम से उड़ाने की धमकियां देने वाले चाहते हैं कि उनके कॉन्सर्ट में कोई न आए और फैंस को डरा दिया जाए।

दिलजीत दोसांझ ने कहा, ‘कहते हैं दिलजीत को बम से उड़ा देंगे, वाह…, इनका मकसद सिर्फ यही है कि दिलजीत के शो में लोग न आएं। उनको डरा दिया जाए, धमका दिया जाए। किसी भी तरीके से रोक दिया जाए।’ आगे दिलजीत ने कहा, ‘शहरों में तो बारूदों का मौसम है, गांव चलो, ये अमरूदों का मौसम है। मेरी तरफ से आपको प्यार है। आप बेशक बम फेंको। मेरी तरफ से फिर भी आपको प्यार है। मैं जो गाने गाता हूं, वो गांव से हैं, मैं खुद भी गांव से हूं। मेरा गाना आपको समझ न आए, लेकिन मिट्टी की खूशबू आपको जरूर आएगी। मैं जानता हूं कि जितने लोग यहां हैं, उतने ही बाहर भी फंसे हुए हैं, पुलिस वालों की भी मजबूरी है, चेक करके भेज रहे हैं सबको। मुंबई पुलिस का बहुत-बहुत शुक्रिया।

’कई बार मिली कॉन्सर्ट में बम धमाके करने की धमकी

दिलजीत दोसांझ इन दिनों इंडिया ऑरा टूर 2026 कर रहे हैं। वह भारत के कई शहरों में लगातार परफॉर्म कर रहे हैं, इसी बीच उन्हें अब तक 5 बार बम से उड़ाने की धमकियां दी गई हैं।

मुंबई कॉन्सर्ट से ठीक पहले 26 नवंबर को भी मुंबई की मेयर ऋतु तावड़े को एक धमकी भरा ईमेल मिला था। इस मेल में बृहन्मुंबई नगर निगम (BMC) मुख्यालय स्थित मेयर के दफ्तर, मुंबई मेट्रो नेटवर्क, अमिताभ बच्चन का बंगला जलसा और दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट समेत कई अहम जगहों को उड़ाने की बात कही गई थी।

23 अक्टूबर को मुंबई नगर निगम के कार्यालय में एक ईमेल आया था। इसमें दिलजीत के 27 नवंबर को हुए कॉन्सर्ट में आत्मघाती हमले की धमकी दी गई थी।

ईमेल में अभिनेता अमिताभ बच्चन के घर को भी निशाना बनाने की बात कही गई थी। मैसेज में खालिस्तान से जुड़े संगठनों का जिक्र था।

एक्ट्रेस सान्या मल्होत्रा कॉन्सर्ट में पहुंचीं, दिलजीत ने मंच पर बुलाया

बॉलीवुड एक्ट्रेस सान्या मल्होत्रा भी दिलजीत के मुंबई कॉन्सर्ट में पहुंचीं। इस दौरान दिलजीत ने उन्हें मंच पर बुलाया। दोनों साथ थिरके, जिसके बाद दिलजीत ने उन्हें तोहफा दिया। वीडियो दिलजीत ने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर शेयर किया है।