ईरान- 14 साल की पत्नी को पति ने पीट-पीटकर मारा:10 दिन पहले बच्चे को जन्म दिया था, मायके जाने की बात पर हुआ विवाद

14 साल की सोगंद मुश्तारेकी को बच्चे को जन्म देने के कुछ दिन बाद उसके पति ने पीट-पीटकर मार डाला। - Dainik Bhaskar

ईरान में 14 साल की सोगंद मुश्तारेकी की उसके 20 साल के पति ने पीट-पीटकर हत्या कर दी। सोगंद ने 10 दिन पहले ही बच्चे को जन्म दिया था। आरोप है कि मायके जाने की बात पर दोनों के बीच झगड़ा हुआ था। घटना 6 नवंबर को करमान प्रांत में हुई।

ईरान की नेशनल काउंसिल ऑफ रेजिस्टेंस की महिला समिति के मुताबिक, पति ने हत्या की बात कबूल कर ली है। उसने इसकी वजह पारिवारिक विवाद बताई। सोगंद की शादी 13 साल की उम्र में हुई थी।

मानवाधिकार संगठन ईरान ह्यूमन राइट्स के मुताबिक, सोगंद के पिता ने बताया कि उसका पति उसे मायके वालों से बात नहीं करने देता था और घर में बंद कर देता था।

कुछ समय पहले सड़क हादसे में घायल हुई सोगंद बच्चे को जन्म देने के बाद भी उससे उबर रही थी। संगठन के मुताबिक, आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया गया है।

21 साल की गर्भवती महिला को पति ने गोली मारी

सोगंद की हत्या वाले दिन ही ईरान के फार्स प्रांत में 21 साल की सेपिदेह रईसी की भी हत्या कर दी गई। वह चार महीने की गर्भवती थी और उसका तीन साल का एक बच्चा भी था।

रिपोर्ट के मुताबिक, सेपिदेह अपने पति से तलाक लेना चाहती थी। इसी बात पर पति ने उसे गोली मार दी। हमले में उसके पेट में पल रहे बच्चे की भी मौत हो गई, जबकि उसकी मां घायल हो गई।

सेपिदेह की शादी भी 13 साल की उम्र में हुई थी। नेशनल काउंसिल ऑफ रेजिस्टेंस की महिला समिति के मुताबिक, वह कई साल से पति की मारपीट झेल रही थी।