खाना बनाने से इनकार पर पत्नी की पिटाई, इलाज के दौरान मौत; पति गिरफ्तार

नागपुर। महाराष्ट्र के नागपुर में घरेलू विवाद के दौरान पत्नी की पिटाई करने के बाद उसकी मौत का मामला सामने आया है। आरोप है कि खाना बनाने से इनकार करने पर पति ने पत्नी के साथ मारपीट की। गंभीर हालत में अस्पताल ले जाने के बाद महिला ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस ने आरोपी पति कृष्णकांत यादव को हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया है।

घटना गुरुवार रात करीब 9:45 बजे जिंगाबाई टाकली स्थित घर में हुई। पुलिस के मुताबिक कृष्णकांत रात में घर लौटा और उसने पत्नी यामिनी से अपने और बच्चों के लिए खाना बनाने को कहा। उस समय यामिनी गणेशोत्सव समारोह से पहले डांस प्रैक्टिस के लिए जाने की तैयारी कर रही थी। उसने खाना बनाने से इनकार कर दिया, जिसके बाद दोनों के बीच विवाद हो गया।

पुलिस के अनुसार, बहस के दौरान कृष्णकांत ने यामिनी का गला पकड़ा और उसके साथ मारपीट की। आरोप है कि उसने महिला को कई बार मुक्का मारा और बिस्तर पर पटक दिया।

मारपीट के बाद यामिनी ने बेचैनी की शिकायत की। कृष्णकांत दवाइयां लेने के लिए बाहर गया। कुछ देर बाद हालत बिगड़ने पर वह यामिनी को अस्पताल लेकर पहुंचा, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गंभीर चोटों का खुलासा

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में यामिनी की गर्दन की हड्डी में फ्रैक्चर और आंतों में गंभीर चोट सामने आई है। रिपोर्ट में गला दबाने और पेट में चोट के संकेत भी बताए गए हैं। इसके बाद पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया।

एक साल पहले UP से नागपुर आया था परिवार

पुलिस के अनुसार कृष्णकांत और यामिनी करीब एक साल पहले उत्तर प्रदेश से नागपुर आए थे। कृष्णकांत एक इंश्योरेंस कंपनी में काम करता है, जबकि यामिनी गृहिणी थी। दोनों के एक बेटा और एक बेटी हैं।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपी से पूछताछ के जरिए घटना से जुड़े अन्य पहलुओं का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।

Spread the love