उदयपुर कांग्रेस की सियासत में उस वक्त खलबली मच गई, जब तीन बार कांग्रेस प्रत्याशी रहे विवेक कटारा और कांग्रेस की राष्ट्र प्रवक्ता डॉ. दिव्यानी कटारा के बीच कथित बातचीत का ऑडियो वायरल होने का मामला सामने आया। वायरल ऑडियो को लेकर दावा किया जा रहा है कि बातचीत के दौरान डॉ. दिव्यानी कटारा ने विवेक कटारा को “भैया” और “आप” कहकर सम्मानपूर्वक संबोधित किया, जबकि दूसरी ओर विवेक कटारा द्वारा कथित तौर पर उन्हें “तू” कहकर संबोधित किया गया। ऑडियो को लेकर यह भी आरोप लगाए जा रहे हैं कि बातचीत के दौरान कथित तौर पर “तुम्हारी हैसियत क्या है?”, “तुम कौन होती हो?” और “तुम कैसे जाओगी?” जैसे शब्दों का इस्तेमाल किया गया तथा आला कमान से बात कर डॉ. दिव्यानी कटारा को उनके पद से हटवाने की कथित धमकी दी गई। वहीं, कथित बातचीत में डॉ. दिव्यानी कटारा की ओर से संगठन की एकजुटता को लेकर जवाब दिए जाने का दावा है, जिसमें उन्होंने कहा कि कांग्रेस चाहे यूथ कांग्रेस हो, NSUI हो, महिला कांग्रेस हो या मेन कांग्रेस—कांग्रेस एक है और वह संगठन के लिए काम करती रहेंगी। वायरल ऑडियो ने उदयपुर कांग्रेस के भीतर चल रही कथित खींचतान, गुटबाजी और संगठनात्मक वर्चस्व की राजनीति को लेकर नई बहस छेड़ दी है। अब बड़ा सवाल यह है कि क्या कांग्रेस नेतृत्व इस पूरे मामले का संज्ञान लेगा? क्या कथित तौर पर धमकी दिए जाने के आरोपों की जांच होगी? और क्या संगठन के भीतर अनुशासन और सम्मान कायम रखने के लिए कोई कार्रवाई की जाएगी? फिलहाल वायरल ऑडियो ने उदयपुर कांग्रेस की सियासत में हलचल जरूर तेज कर दी है और सभी की नजरें अब कांग्रेस के आला नेतृत्व के अगले कदम पर टिकी हैं।
उदयपुर कांग्रेस में वायरल ऑडियो से खलबली! विवेक कटारा और डॉ. दिव्यानी कटारा की कथित बातचीत चर्चा में
