Udaipur News: शक्तिनगर में 4 सितंबर को भव्य जन्माष्टमी, बच्चों के लिए खास

उदयपुर में भगवान श्री कृष्ण के जन्मोत्सव को लेकर तैयारियां शुरू हो गई हैं। श्री बिलोचिस्तान पंचायत एवं श्री सनातन धर्म सेवा समिति, उदयपुर के संयुक्त तत्वावधान में इस वर्ष भी जन्माष्टमी पर्व धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा।

यह भव्य आयोजन शुक्रवार, 4 सितंबर 2026 को शक्तिनगर स्थित श्री सनातन धर्म मंदिर परिसर में आयोजित होगा। जन्माष्टमी के अवसर पर मंदिर परिसर में भगवान श्री कृष्ण की आकर्षक झांकियां सजाई जाएंगी।

कार्यक्रम में बच्चों की प्रतिभा को मंच देने के लिए फैंसी ड्रेस, नृत्य और चित्रकारी प्रतियोगिता का आयोजन भी किया जाएगा। इन सभी प्रतियोगिताओं का विषय श्री कृष्ण जन्माष्टमी पर आधारित रहेगा।

कार्यक्रम की शुरुआत रात 8 बजे आरती से होगी। इसके बाद रात 8:30 बजे से 10 बजे तक फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता, रात 10 बजे से 11:15 बजे तक नृत्य प्रतियोगिता और रात 11:15 बजे से 12 बजे तक भजन-कीर्तन होगा। मध्यरात्रि 12 बजे महाआरती और भगवान श्री कृष्ण का जन्मोत्सव मनाया जाएगा।

जन्माष्टमी के अवसर पर मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं के लिए समिति की ओर से लकी कूपन की व्यवस्था भी की गई है। लकी ड्रॉ का परिणाम मध्यरात्रि 12 बजे मंदिर परिसर में ही घोषित किया जाएगा और विजेताओं को आकर्षक उपहार दिए जाएंगे।

समिति ने शहरवासियों से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में पहुंचकर भगवान श्री कृष्ण के जन्मोत्सव में शामिल होने और धर्मलाभ लेने की अपील की है।

Spread the love