वल्लभनगर नगर पालिका चुनाव में 20 वार्डों में प्रत्याशी मैदान में, भाजपा-कांग्रेस के साथ बसपा और निर्दलीयों ने बढ़ाया मुकाबला

वल्लभनगर। नगर पालिका चुनाव को लेकर वल्लभनगर में चुनावी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। नगर पालिका के सभी 20 वार्डों में भाजपा और कांग्रेस के प्रत्याशी मैदान में हैं। वहीं कई वार्डों में बहुजन समाज पार्टी (बसपा) ने भी प्रत्याशी उतारे हैं। इसके अलावा बड़ी संख्या में निर्दलीय प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल कर चुनावी मुकाबले को रोचक बना दिया है। नगर पालिका चुनाव के लिए कुल 126 नामांकन पत्र दाखिल किए गए थे। जांच के बाद इनमें से 50 नामांकन पत्र निरस्त कर दिए गए, जबकि 76 नामांकन पत्र वैध पाए गए। वैध नामांकन में भाजपा के 20, कांग्रेस के 20, बसपा के 7 और निर्दलीय प्रत्याशियों के 29 नामांकन शामिल हैं। वहीं बहुजन समाजवादी पार्टी के एक प्रत्याशी का नाम निरस्त हुआ है। वार्डवार प्रत्याशियों की स्थिति को देखें तो कुछ वार्डों में भाजपा और कांग्रेस के बीच सीधा मुकाबला है, जबकि कई वार्डों में बसपा और निर्दलीय प्रत्याशियों की मौजूदगी से मुकाबला बहुकोणीय हो गया है। खासकर उन वार्डों में चुनावी समीकरण दिलचस्प नजर आ रहे हैं, जहां भाजपा-कांग्रेस के साथ बसपा और कई निर्दलीय प्रत्याशी भी मैदान में हैं। अब नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद प्रत्याशियों की अंतिम स्थिति स्पष्ट होगी। इसके बाद सभी वार्डों में राजनीतिक दलों और प्रत्याशियों की ओर से प्रचार अभियान जोर पकड़ने की संभावना है।

Spread the love