पेयजल, सड़क, सफाई और स्ट्रीट लाइट सहित मूलभूत सुविधाओं पर हुई चर्चा, वार्ड में मेडिकल कैंप लगाने का निर्णय
उदयपुर। प्रताप नगर स्थित रविंद्र नगर में नागरिक समिति की बैठक अशोक वीरवाल की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में कॉलोनी की विभिन्न समस्याओं और विकास कार्यों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान नवनिर्वाचित पार्षद निशा सालवी का स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। साथ ही कॉलोनी की मूलभूत सुविधाओं में सुधार कर क्षेत्र को स्वच्छ, सुंदर और सुव्यवस्थित बनाने पर जोर दिया गया।
बैठक में पेयजल व्यवस्था को बेहतर बनाने, पुरानी पाइपलाइन बदलवाने और कम जल दबाव की समस्या का समाधान करने की मांग उठाई गई। इसके अलावा कॉलोनी में तीन ट्यूबवेल लगवाने, क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत, नालियों की नियमित सफाई, पार्क के विकास और स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था जैसे मुद्दों पर चर्चा हुई। कचरा संग्रहण को व्यवस्थित करने, आवारा पशुओं की समस्या दूर करने तथा सामुदायिक भवन सहित अन्य आवश्यक सुविधाओं के विकास पर भी विचार-विमर्श किया गया।
समस्याओं के समाधान के लिए सामूहिक प्रयास पर जोर
बैठक में उपस्थित कॉलोनीवासियों ने कहा कि क्षेत्र की समस्याओं के समाधान के लिए सामूहिक सहभागिता जरूरी है। नागरिक समिति संबंधित विभागों और जनप्रतिनिधियों के समक्ष समस्याएं रखकर उनके निराकरण के लिए निरंतर प्रयास करेगी। बैठक में विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाने और कॉलोनीवासियों के बीच आपसी सहयोग बनाए रखने पर भी जोर दिया गया।
वार्ड में आयोजित होगा मेडिकल कैंप
बैठक के दौरान गॉड ग्रेस डेंटल क्लिनिक की संचालिका डॉ. अनीता मौर्या ने स्वास्थ्य जागरूकता के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने स्थानीय निवासियों को स्वास्थ्य संबंधी सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में वार्ड में मेडिकल कैंप आयोजित करने का सुझाव दिया। इस पर मेडिकल कैंप लगाने का निर्णय लिया गया, जिससे क्षेत्रवासियों को स्वास्थ्य जांच और चिकित्सकीय परामर्श की सुविधा मिल सके। बैठक में अनीता वीरवाल भी उपस्थित रहीं।
बैठक में मनोज दवे, रवि सलूजा, सुरेश सालवी, असीम दीक्षित, संजय जैन, दीपक पोद्दार, अशोक यादव, बालमुकुंद विजयवर्गीय, विजय जारोली, चंद्रप्रकाश जैन, नरेंद्र व्यास, चुन्नीलाल यादव, अरविंद पारिख, रविंद्र व्यास, पार्षद निशा सालवी, अनीता वीरवाल, डॉ. अनीता मौर्या, अशोक वीरवाल, सुधा व्यास, कुलदीप सामर और राजेश रामदेव सहित अनेक कॉलोनीवासी मौजूद रहे।
बैठक के अंत में रविंद्र नगर को स्वच्छ, सुंदर, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित बनाने के लिए सभी नागरिकों से आपसी सहयोग और सक्रिय सहभागिता के साथ कार्य करने का आह्वान किया गया।
