उदयपुर। नगर निगम चुनाव में इस बार सियासत का अंदाज बदला-बदला नजर आ रहा है। 23 से 28 साल के युवा चेहरे मैदान में हैं और राजनीतिक गलियों में Gen-Z की एंट्री ने मुकाबले का पारा बढ़ा दिया है। BJP और कांग्रेस दोनों ने युवाओं पर बड़ा दांव खेला है।
BJP ने वार्ड 38 से 26 साल की इंटीरियर डिजाइनर प्रज्ञा पाटीदार को टिकट दिया है। करीब 8 साल से राष्ट्र सेविका समिति से जुड़ी प्रज्ञा का कोई राजनीतिक पारिवारिक बैकग्राउंड नहीं है। उनका सीधा कहना है—“सिस्टम को बदलना है तो बाहर बैठकर दोष देने के बजाय खुद सिस्टम में उतरना होगा।”
वहीं वार्ड 31 से 27 साल की नसरीन बानो BJP के टिकट पर चुनाव लड़ रही हैं। कांग्रेस ने भी पीछे नहीं हटते हुए वार्ड 55 से 23 साल की BA-LLB छात्रा जैसिका राव और वार्ड 61 से 25 साल की सीमा डांगी को मैदान में उतारा है।
कांग्रेस की युवा ब्रिगेड में किशन भील, सविता गमेती, उषा गमेती और खुशी गमेती भी शामिल हैं। उधर BAP और CPI(M) ने भी युवा चेहरों पर भरोसा जताया है। इतना ही नहीं, 8 Gen-Z युवाओं ने निर्दलीय नामांकन दाखिल कर चुनावी गणित और भी दिलचस्प कर दिया है।
अब सवाल सिर्फ कौन जीतेगा का नहीं, बल्कि ये है कि Gen-Z की नई सोच वोटरों को कितनी पसंद आती है और क्या युवा ब्रिगेड निगम की सियासत में अपनी जगह बना पाएगी!!


