आयड़ जैन तीर्थ में 8 सितम्बर से शुरू होगा श्वेताम्बर संघों का आठ दिवसीय पर्युषण महापर्व- संसार के सुख के लिए बहुत धर्म किया, जन्म-मरण से मुक्ति के लिए थोड़ा भी नहीं : आचार्य मुक्तिसागर

उदयपुर, 3 सितम्बर। तपागच्छ की उद्गम स्थली आयड़ जैन तीर्थ में मालव मार्तंड आचार्य भगवंत मुक्तिसागर सूरीश्वर महाराज, आचार्य अचल मुक्तिसागर सूरीश्वर महाराज सहित ठाणा-4 के सान्निध्य में चातुर्मास महोत्सव श्रद्धा, भक्ति एवं धार्मिक उल्लास के साथ जारी है। प्रतिदिन आयोजित धार्मिक एवं आध्यात्मिक कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में श्रावक-श्राविकाएं सहभागी बनकर धर्मलाभ ले रहे हैं।
महासभा महामंत्री कुलदीप नाहर ने बताया कि श्री जैन श्वेताम्बर मूर्तिपूजक संघ का आठ दिवसीय पर्युषण महापर्व 8 सितम्बर से प्रारंभ होगा। पर्व को लेकर श्वेताम्बर संघों द्वारा जिनालयों में सजावट एवं आठ दिनों तक होने वाली विभिन्न धार्मिक क्रियाओं की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। उदयपुर सहित पूरे संभाग में विभिन्न संघों द्वारा पर्युषण पर्व के तहत विविध धार्मिक आयोजन श्रद्धा एवं उत्साह के साथ संपादित किए जाएंगे। जिलेभर के विभिन्न संघ भी पर्व की तैयारियों में जुटे हुए हैं।
आयड़ जैन तीर्थ के आत्मवल्लभ सभागार में आयोजित धर्मसभा को संबोधित करते हुए आचार्य भगवंत मुक्तिसागर सूरीश्वर महाराज ने कहा कि संसार के सुख की प्राप्ति अथवा धन, पद, स्त्री, पुत्र, परिवार, यश और कीर्ति के लिए तो हमने अब तक बहुत धर्म किया, लेकिन संसार के आवागमन को मिटाने के लिए आज तक थोड़ा भी धर्म नहीं किया। यही हमारी सबसे बड़ी विडंबना रही है। उन्होंने कहा कि धर्म वही है, जो जीव को जन्म-मरण के बंधन से छुटकारा दिलाए। ‘शांत सुधारस’ ग्रंथ की दसवीं धर्म भावना के अंतर्गत आचार्यश्री ने कहा कि अनंत चौबीसी हो गईं और अनंत तीर्थंकर परमात्मा हुए, लेकिन सभी ने धर्म के चार ही प्रकार बताए हैं—दान, शील, तप और भाव। यही चार प्रकार का धर्म आत्मकल्याण का कारण बन सकता है।
धर्मसभा में महासभा महामंत्री कुलदीप नाहर, भोपाल सिंह नाहर, चन्द्र सिंह, अशोक जैन, राजेंद्र जावरिया, प्रकाश नागोरी, हेमंत सिंघवी, राजेश जावरिया, दिनेश बापना, भोपाल सिंह परमार, अभय नलवाया, कैलाश मुर्डिया, चतर सिंह पामेच, सतीश कच्छारा, दिनेश भंडारी, चिमनलाल गांधी, प्रद्योत महात्मा, रमेश सिरोया, कुलदीप मेहता सहित बड़ी संख्या में श्रावक-श्राविकाएं उपस्थित रहे।

Spread the love