Udaipur News: RMV चौराहा पर गूंजे श्रीकृष्ण के जयकारे, Shri Ram Club ने फोड़ी दही हांडी

उदयपुर। शहर के आरएमवी चौराहा पर बुधवार रात श्री नंद लालन जी सेवा समिति की ओर से श्री कृष्ण दही हांडी महोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव की परंपरा और उत्साह से जुड़े इस आयोजन में बड़ी संख्या में शहरवासी शामिल हुए। देर रात तक चले महोत्सव में आरएमवी चौराहा श्रीकृष्ण के जयकारों, ढोल-नगाड़ों और उत्साह से गूंजता रहा।

दही हांडी प्रतियोगिता में उदयपुर शहर की 8 टीमों ने हिस्सा लिया। हांडी फोड़ने के लिए टीमों के बीच जमकर मुकाबला देखने को मिला। एक के बाद एक टीमों ने मानव पिरामिड बनाकर ऊंचाई पर टंगी दही हांडी तक पहुंचने का प्रयास किया। हर प्रयास के साथ दर्शकों का उत्साह बढ़ता गया और पूरा चौराहा उत्सवी माहौल में नजर आया।

करीब रात 11 बजे श्री राम क्लब उदयपुर की टीम ने दही हांडी फोड़कर प्रतियोगिता अपने नाम कर ली। हांडी फूटते ही आयोजन स्थल पर मौजूद लोगों ने जमकर जश्न मनाया और श्रीकृष्ण के जयकारों से पूरा माहौल भक्तिमय हो गया।

समिति की ओर से विजेता श्री राम क्लब उदयपुर को 21 हजार रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की गई। प्रतियोगिता के दौरान युवाओं का जोश और दर्शकों का उत्साह देखते ही बन रहा था। बड़ी संख्या में शहरवासी देर रात तक कार्यक्रम स्थल पर मौजूद रहे और दही हांडी प्रतियोगिता का आनंद लिया।

कार्यक्रम में भाजपा के वरिष्ठ नेता लोकेश द्विवेदी, कांग्रेस के पूर्व सेवादल अध्यक्ष गोपाल नागर, काली कल्याण धाम के गादीपति डॉ. हेमंत जोशी, पूर्व पार्षद कुलदीप जोशी, धनंजय सिंह धाभाई, धर्मेंद्र सिंह राठौड़, जितेश राजदहिया, भूपेश गुर्जर, निहाल सिंह और अनुज शर्मा सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

श्री नंद लालन जी सेवा समिति का यह आयोजन धार्मिक आस्था के साथ-साथ शहर की सामाजिक एकजुटता और सांस्कृतिक उत्सव की परंपरा को मजबूत करने वाला नजर आया। देर रात तक चले इस आयोजन ने आरएमवी चौराहा को कृष्ण भक्ति और उत्सव के रंग में रंग दिया।

Oplus_16908288
Spread the love