25 स्टार्टअप को मिलेगा निवेश का मंच, आरंभ निवेशक संपर्क 2026 में 10 करोड़ तक की फंडिंग के अवसर

उदयपुर। राजस्थान सहित देशभर के उभरते स्टार्टअप्स को निवेशकों से जोड़ने और उनके व्यवसाय विस्तार को नई दिशा देने के उद्देश्य से बीसीआई युवा द्वारा “आरंभ निवेशक संपर्क 2026” का आयोजन किया जा रहा है। इस पहल के तहत अब तक करीब 200 स्टार्टअप्स ने आवेदन किया है, जिनमें से 25 चयनित स्टार्टअप्स को देश के प्रमुख निवेशकों के सामने अपने बिजनेस मॉडल प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा।

बीसीआई के संस्थापक मुकेश माधवानी ने बताया कि वर्तमान समय में प्रतिभाशाली युवाओं और नवाचार आधारित व्यावसायिक विचारों की कमी नहीं है, लेकिन कई स्टार्टअप्स को सही समय पर निवेश और मार्गदर्शन नहीं मिल पाता। इसी चुनौती को दूर करने के लिए आरंभ निवेशक संपर्क 2026 की शुरुआत की गई है। उन्होंने कहा कि इस मंच का उद्देश्य सही स्टार्टअप, सही निवेशक और सही अवसर को एक साथ जोड़ना है, ताकि युवा उद्यमी अपने विचारों को सफल और बड़े व्यवसाय में बदल सकें।

बीसीआई युवा की अध्यक्ष मिनाक्षी पालीवाल ने बताया कि कार्यक्रम का पहला चरण 12 सितंबर को आयोजित होगा, जिसमें चयनित स्टार्टअप्स को एंजेल निवेशकों, वेंचर कैपिटल फर्मों, फंड मैनेजर्स और उद्योग जगत के प्रतिनिधियों के समक्ष अपनी प्रस्तुति देने का अवसर मिलेगा। इस कार्यक्रम में मुंबई, गुजरात, दिल्ली, उदयपुर सहित देश के विभिन्न शहरों से निवेशक भाग लेंगे।

इसके बाद 25 सितंबर को उदयपुर स्थित द थर्ड स्पेस में अंतिम प्रस्तुति सत्र आयोजित किया जाएगा। इस दौरान स्टार्टअप्स के बिजनेस मॉडल, बाजार संभावनाओं, राजस्व एवं विकास दर, वित्तीय स्थिति, निवेश आवश्यकताओं, वैल्यूएशन और भविष्य की योजनाओं का विस्तृत मूल्यांकन किया जाएगा।

26 सितंबर को आयोजित होने वाले अंतिम सुविधा कार्यक्रम में चयनित स्टार्टअप्स और निवेशकों के बीच निवेश संबंधी विस्तृत चर्चा होगी तथा संभावित निवेश प्रस्तावों को आगे बढ़ाने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।

Spread the love