उदयपुर। शहर के रामपुरा से दर्शना घाटी जाने वाली सड़क पर निर्माण कार्य के बाद यातायात व्यवस्था प्रभावित होने लगी है। सड़क की चौड़ाई कम होने के कारण आमने-सामने वाहन आने पर जाम की स्थिति बन रही है। व्यस्त समय में सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लगने से राहगीरों और स्थानीय दुकानदारों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
दुकानदारों की चिंता सिर्फ जाम तक सीमित नहीं है। उनका कहना है कि सड़क का स्तर दुकानों की तुलना में ऊंचा कर दिया गया है। ऐसे में बारिश के दौरान पानी की निकासी की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने पर सड़क का पानी दुकानों में घुस सकता है।
दुकानदारों को आशंका है कि तेज बारिश के दौरान जलभराव होने से दुकानों में रखा सामान खराब हो सकता है और उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है। स्थानीय दुकानदारों ने संबंधित विभाग से सड़क की ऊंचाई और जल निकासी व्यवस्था की जांच कराने की मांग की है।
दुकानदारों का कहना है कि बारिश का मौसम पूरी तरह शुरू होने से पहले समस्या का समाधान किया जाए, ताकि जाम के साथ-साथ जलभराव की स्थिति से भी बचा जा सके।
