NH-58 पर भाई-बहन से लूट, तलवार-चाकू से हमला; 3 आरोपी गिरफ्तार

उदयपुर। जिले की झाड़ोल पुलिस ने नेशनल हाईवे-58 पर भाई-बहन को रोककर तलवार और चाकू की नोक पर लूट करने वाली गैंग का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मामले में गैंग के मुख्य सरगना समेत 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। तीनों आरोपी वारदात के बाद से फरार चल रहे थे।

वारदात 26 अगस्त की रात की है। पीड़ित मुकेश कुमार सोनी ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि वह अपनी बहन के साथ मोटरसाइकिल से उदयपुर से झाड़ोल लौट रहे थे। इसी दौरान उण्डावेला के पास तीन बाइकों पर सवार चार बदमाशों ने उनका रास्ता रोक लिया।

झाड़ोल थानाधिकारी बुद्धाराम विश्नोई के अनुसार बदमाशों ने भाई-बहन पर धारदार हथियारों से हमला कर दिया। हमले में मुकेश घायल हो गया। इसके बाद आरोपी उसका मोबाइल, नकदी और ATM कार्ड लेकर फरार हो गए। बदमाशों ने उसकी बहन के गले से मंगलसूत्र और पर्स भी छीन लिया था।

मुख्य सरगना समेत 3 आरोपी गिरफ्तार

घटना के बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश के लिए टीम गठित कर जांच शुरू की। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गैंग के मुख्य सरगना प्रेमा उर्फ प्रेमचंद उर्फ लाइगर बडगोता के साथ हीरालाल और दीपेश चव्हाण को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के मुताबिक मुख्य आरोपी प्रेमा आदतन अपराधी है। वह झाड़ोल थाने के अलावा भूपालपुरा और अंबामाता थाना क्षेत्र के मामलों में भी वांछित बताया जा रहा है।

रिमांड पर लेकर पूछताछ

पुलिस ने तीनों आरोपियों को अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें रिमांड पर लिया गया है। अब पुलिस आरोपियों से लूट की वारदात में शामिल अन्य लोगों और हथियारों के संबंध में पूछताछ कर रही है।

पुलिस को उम्मीद है कि आरोपियों से पूछताछ के दौरान इलाके में हुई अन्य अनसुलझी लूट और आपराधिक वारदातों का भी खुलासा हो सकता है।

Spread the love