उदयपुर। पंचवटी स्थित नवीन ज्वेलर्स में हुई करीब 1 करोड़ रुपये की चोरी का उदयपुर पुलिस ने खुलासा करते हुए अंतरराज्यीय गैंग के मुख्य सरगना समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चंबल के बीहड़ों में खेतों के अंदर गड्ढे खोदकर छिपाया गया करीब 60 लाख रुपये का चोरी का माल बरामद किया है।
जानकारी के अनुसार 29 जुलाई की रात बदमाश नवीन ज्वेलर्स के शोरूम का साइड शटर और दरवाजा तोड़कर अंदर घुसे थे। इसके बाद आरोपी करीब 22 लाख रुपये के हीरे, 390 ग्राम सोने के आभूषण, 12 किलो चांदी के सामान और 9.75 लाख रुपये नकद चोरी कर फरार हो गए थे।


मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच शुरू की और उदयपुर से लेकर कोटा, धौलपुर और आगरा तक करीब 200 CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच के दौरान पुलिस को अंतरराज्यीय गैंग के बारे में सुराग मिला। इसके बाद चंबल के बीहड़ों में दबिश देकर आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान धनपाल उर्फ धान्धू वर्मा, आनंद उर्फ कुकड़िया वर्मा और गुड्डू राठौड़ के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार आनंद उर्फ कुकड़िया गैंग का मुख्य सरगना है।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि गैंग ने वारदात से पहले ज्वेलर्स की रेकी की थी। पकड़े जाने से बचने के लिए आरोपियों ने मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं किया और ट्रेन व बस बदल-बदलकर सफर किया।
फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है। गैंग के अन्य फरार सदस्यों और चोरी किए गए बाकी माल की बरामदगी के लिए भी जांच जारी है।
