जयपुर। पुलिस की वर्दी पहनकर व्यापारी का अपहरण करने और फिरौती मांगने के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे मुख्य आरोपी करण आसवानी उर्फ कमल सिंधी को राजस्थान एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स (AGTF) ने दुबई से गिरफ्तार कर जयपुर पहुंचाया है। आरोपी की गिरफ्तारी इंटरपोल और यूएई की संबंधित एजेंसियों के सहयोग से की गई।
मामला 20 अगस्त 2025 का है। पुलिस के मुताबिक व्यापारी नरेंद्र नाथ दत्ता अपने घर से वैशाली नगर जाने के लिए निकले थे। इसी दौरान उनका अपहरण कर लिया गया। बाद में परिवार से संपर्क कर फिरौती की मांग की गई। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए व्यापारी और उनके चालक को सुरक्षित छुड़ा लिया था।
जांच के दौरान पुलिस ने हर्ष गौतम, कनक गांगुली और अजय बेनीवाल उर्फ शाका को गिरफ्तार किया था। पूछताछ और जांच में करण आसवानी की भूमिका सामने आई, लेकिन वह पुलिस की कार्रवाई से पहले ही देश छोड़कर दुबई फरार हो गया।

इसके बाद राजस्थान AGTF ने आरोपी के खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस जारी कराया और अबू धाबी इंटरपोल सहित यूएई की एजेंसियों से संपर्क किया। तकनीकी माध्यमों से उसकी लोकेशन ट्रेस होने के बाद इंटरपोल ने आरोपी को डिटेन किया। AGTF की टीम 31 अगस्त को दुबई के लिए रवाना हुई और जरूरी कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे जयपुर लेकर पहुंची।
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक करण आसवानी का आपराधिक इतिहास करीब ढाई दशक पुराना है। उसके खिलाफ वर्ष 2000 से हत्या, मारपीट, चोरी, घर में घुसकर हमला, अपहरण और जबरन वसूली सहित कई मामले दर्ज रहे हैं।
अब AGTF और जयपुर पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। जांच एजेंसियां उसकी भूमिका, अन्य आरोपियों से संपर्क और इस अपहरण कांड से जुड़े नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटा रही हैं।
