जयपुर। बनीपार्क इलाके के एक निजी स्कूल संचालक की सोमवार सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर चित्रकूट नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और FSL टीम की मदद से आवश्यक साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए SMS अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया है।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान अभिनव राज (38) के रूप में हुई है। वह बनीपार्क क्षेत्र में निजी स्कूल संचालित करते थे। सोमवार सुबह करीब 9 बजे वह घर से अपनी बाइक लेकर निकले थे। कुछ देर बाद उनकी मौत की सूचना सामने आई।
थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल की जांच की। आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी जांच के दायरे में ली गई है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
पत्नी से मनमुटाव की बात सामने आई
मृतक के भाई अभिषेक के अनुसार अभिनव तीन भाई-बहनों में सबसे छोटे थे और करीब दो साल पहले उनकी शादी हुई थी। भाई का कहना है कि शादी के बाद से ही दंपती के बीच मनमुटाव चल रहा था। पिछले कुछ महीनों से वह तनाव में थे और पत्नी से अलग रह रहे थे।
परिजनों के मुताबिक सोमवार सुबह अभिनव स्कूल जाने के लिए तैयार हुए और बिना किसी को कुछ बताए घर से निकल गए। इसके बाद परिवार को उनकी मौत की जानकारी मिली।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत की परिस्थितियों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
