एक-एक वोट की कीमत समझ रहे प्रत्याशी, प्रवासियों को घर बुलाने की जद्दोजहद

उदयपुर। नगर निकाय चुनाव में मुकाबला बेहद करीबी रहने की संभावना के बीच प्रत्याशियों ने अब प्रवासी मतदाताओं को घर बुलाने की मुहिम तेज कर दी है। रोजगार के लिए गुजरात, महाराष्ट्र और दक्षिण भारत के विभिन्न शहरों में रहने वाले मतदाता प्रत्याशियों के लिए जीत की उम्मीद बन गए हैं। प्रत्याशी फोन, सोशल मीडिया और व्यक्तिगत संपर्क के जरिए प्रवासियों से मतदान के दिन घर पहुंचकर वोट डालने की अपील कर रहे हैं।

वार्ड स्तर पर कार्यकर्ताओं को प्रवासी मतदाताओं की सूची तैयार कर उनसे संपर्क करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। प्रत्याशी और उनके समर्थक लगातार फोन कर मतदान की तारीख और घर लौटने की अपील कर रहे हैं। कुछ प्रत्याशियों की ओर से आने-जाने में सहयोग करने की बात भी सामने आ रही है, जबकि कई जगह प्रवासी मतदाताओं के लिए पहले से यात्रा टिकट बुक कराने की तैयारी की जा रही है।

दरअसल, जब चुनावी मुकाबला चंद वोटों के अंतर तक सिमट जाता है, तब दूसरे शहरों में रहकर रोजगार कर रहे मतदाता भी बेहद महत्वपूर्ण हो जाते हैं। ऐसे में प्रत्याशी हर उस वोट को अपने पक्ष में लाने की कोशिश कर रहे हैं, जो जीत-हार का समीकरण बदल सकता है।

अब प्रत्याशियों की नजर इस बात पर है कि उनकी अपील पर कितने प्रवासी मतदाता काम से छुट्टी लेकर अपने घर लौटते हैं और मतदान में हिस्सा लेते हैं। चुनावी मैदान में अंतिम समय की यह कवायद कई वार्डों में जीत का अंतर तय करने में अहम भूमिका निभा सकती है।

Spread the love