
उदयपुर में यूनिवर्सिटी मार्ग पर रहने वाले लोगों ने कचरा डिपो को हटाकर उस जगह का कायाकल्प कर दिया। जहां कचरे का ढेर लगा रहता था। लोग नाक बंद करके जहां से गुजरते थे। वार्ड वासियों ने निगम के सहयोग से उस जगह का कायाकल्प कर उसे प्याऊ में बदल दिया। अब वहां से गुजरने वाले लोग रुककर ठंडा पानी पी रहे हैं।
नगर निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना ने कुछ समय पहले शहर से कचरा पॉइंट्स को पूरी तरह खत्म करने का अभियान शुरू किया था। उन्होंने शहर के लोगों से अपील की थी कि वे आसपास के कचरा डिपो को हटाने में सहयोग करें। इसी कड़ी में यूनिवर्सिटी मार्ग के वार्ड वासियों ने जिम्मेदारी उठाई। वर्षों पुराने कचरा स्थल को साफ सुथरा बनाया। इसके बाद यहां पेयजल की व्यवस्था की गई, ताकि राहगीरों को तपती गर्मी में राहत मिल सके।
इस बदलाव को देखकर निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना खुद मौके पर पहुंचे और वार्ड वासियों का सम्मान किया। उन्होंने कहा कि शहर में फैले कचरा पॉइंट्स को स्थायी रूप से हटाना निगम की प्राथमिकता है, लेकिन यह तभी मुमकिन है जब जनता साथ दे। यूनिवर्सिटी मार्ग के लोगों ने जो किया है, वह सकारात्मक सोच का सबसे बड़ा उदाहरण है। गर्मी के इस मौसम में प्याऊ शुरू होने से आम जनता को बहुत फायदा मिल रहा है।निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना ने वार्ड के लोग मनोहर चौधरी, रंग लाल जैन, आनंदी लाल चित्तौड़ा, गोपाल सुथार, प्रेम रैगर, पिनू मेघवाल और नानू मेघवाल को ऊपरना ओढ़ाकर सम्मान किया। उन्होंने कहा कि अगर हर वार्ड के लोग अपने मोहल्ले की जिम्मेदारी इस तरह उठाने लगें, तो उदयपुर को देश का सबसे स्वच्छ और आदर्श शहर बनने से कोई नहीं रोक सकता।
इस पूरी योजना को जमीन पर उतारने में निगम के स्वास्थ्य अधिकारी सत्यनारायण शर्मा और सेक्टर प्रभारी महेश गोयल का योगदान रहा। इन अधिकारियों ने वार्ड वासियों का मार्गदर्शन किया और तय किया कि कचरा पॉइंट को हटाकर वहां पेयजल की व्यवस्था सुचारू रूप से की जाए। निगम आयुक्त ने अधिकारियों की टीम की भी सराहना की।
निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना ने अन्य शहरवासियों से भी अपील की है कि वे अपने वार्डों में इस तरह के नवाचार करें। निगम प्रशासन ऐसे हर प्रयास को प्रोत्साहित करेगा और हरसंभव मदद देगा। वार्ड वासियों ने कहा- वे अब इस जगह की सफाई का पूरा ध्यान रखेंगे। ताकि यह प्याऊ हमेशा लोगों की सेवा में बनी रहे। अब यह जगह गंदगी के बजाय सुकून देने वाली बन गई है।
