अजमेर में शराब कारोबारी से 2 करोड़ की रंगदारी, गोदारा गैंग के नाम पर धमकी

अजमेर में एक शराब कारोबारी को रोहित गोदारा गैंग के नाम पर 2 करोड़ रुपए की रंगदारी मांगने और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। धमकी मिलने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पीड़ित ने हरिभाऊ उपाध्याय नगर थाने में शिकायत दर्ज कराई है, जिसके बाद पुलिस जांच में जुट गई है।

पीड़ित जितेंद्र रंगवानी ने पुलिस को बताया कि 16 अप्रैल शाम करीब 4:30 बजे वह भगवानगंज स्थित एक सैलून पर था। इसी दौरान उसके मोबाइल पर व्हाट्सएप कॉल आया। कॉल इंटरनेशनल नंबर से किया गया था।

शिकायत के अनुसार, कॉलर ने खुद को रोहित गोदारा गैंग का सदस्य बताते हुए 2 करोड़ रुपए की मांग की। उसने कहा कि रकम नहीं देने पर अंजाम बुरा होगा। साथ ही कुचामन के रूलानिया हत्याकांड जैसा हाल करने की धमकी भी दी गई।

पीड़ित के मुताबिक, कॉलर ने अपना नाम राहुल फतेहपुर और वीरेंद्र चारण बताया। धमकी भरी एक रिकॉर्डिंग भी भेजी गई, जिसमें रकम नहीं देने पर गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी गई।

जितेंद्र रंगवानी अजमेर में चार शराब ठेकों का व्यवसाय करते हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस तुरंत सक्रिय हो गई है। कॉल डिटेल, नंबर लोकेशन और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की तलाश की जा रही है।

बताया जा रहा है कि पीड़ित पांच साल पहले अजमेर दक्षिण विधानसभा क्षेत्र के वार्ड नंबर 26 से भाजपा के टिकट पर पार्षद चुनाव भी लड़ चुके हैं। फिलहाल वे व्यवसाय के साथ राजनीतिक गतिविधियों में भी सक्रिय हैं।

हरिभाऊ उपाध्याय नगर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Spread the love