100 रुपए का माल भी खरीदा तो लगेगा भारी टैक्स, भारत के इस पड़ोसी देश ने दिखाए तेवर! बिजनेस ठप

 भारत का पड़ोसी देश नेपाल बिहार के साथ 378 किलोमीटर लंबी खुली सीमा साझा करता है. इससे सटे करीब 50 ग्रामीण बाजारों में चल रहे शादी के मौसम  के दौरान कारोबार पर बुरा असर पड़ा है. दरअसल, नेपाल ने भारतीय सामानों पर सख्त कस्टम ड्यूटी लागू कर दी है.

नेपाल की नई सरकार के आदेश के अनुसार, अब भारत से की जाने वाली 100 रुपये से अधिक किसी भी खरीदारी पर भंसार (Customs) देना होगा. जबकि पहले छोटी-मोटी खरीदारी के लिए इससे छूट दे दी जाती थी, लेकिन अब नए नियमों के तहत भंसार देना अनिवार्य है. 

कारोबारियों और खरीदार दोनों को झटका

नेपाल के सीमावर्ती इलाकों के निवासरी दशकों से अपनी रोजमर्रा की छोटी-मोटी चीजें खरीदने के लिए हर रोज बिहार के छोटे-बड़े ग्रामीण बाजारों में आते रहे हैं. यहां के लोकल दुकानों से ये केक, बिस्किट से लेकर रेडीमेड कपड़े, कॉस्मेटिक्स, सब्जियां, मसाले, फल, दूध, दवाएं, सीमेंट और बिजली के उपकरण जैसी तमाम चीजें खरीदते हैं.

अब नए नियम में चूंकि भंसार देना अनिवार्य होगा इसलिए खरीदारों के साथ-साथ व्यापारिपों के माथे पर भी शिकन है. पहले लोग बॉर्डर पर जाकर हजारों रुपये का सामान बिना टैक्स दिए लेकर चले आते थे, लेकिन अब उन्हें भंसार देना होगा. यह खरीदे गए सामान की कीमत का 5-30 परसेंट तक हो सकता है.  

कारोबारियों ने बताया कि इस नए नियम का असर मधेश प्रांत के छह जिलों के खरीदारों पर पड़ा है. उन्होंने कहा कि इससे बिहार में स्थानीय लोगों की रोजी-रोटी और नेपाल में परिवारों के बजट, दोनों पर ही दबाव बढ़ गया है. 

पहले यूपी और अब बिहार की बारी

नेपाल की राष्ट्रीय सुरक्षा बल ने सीमावर्ती इलाकों में लाउडस्पीकरों के जरिए एक नियम की घोषणा की है, जिसमें कहा गया है कि आम नागरिकों, सरकारी कर्मचारियों या NGO कार्यकर्ताओं को कोई छूट नहीं दी जाएगी. इस आदेश के तहत, 100 रुपये से ज्यादा कीमत के भारतीय सामान पर कस्टम ड्यूटी देनी होगी.

कस्टम अधिकारियों ने बताया कि इससे पहले उत्तर प्रदेश की सीमा पर भी कड़ी जांच शुरू की गई थी, जहां नेपाल की भंसार चौकियों पर घर के छोटे-मोटे सामान की खरीद की भी बारीकी से जांच की जाती है. अब बिहार की सीमा पर भी इस नियम को सख्ती से लागू किया जा रहा है.

Spread the love