आगामी दिनों में होने वाले पंचायती राज चुनाव में कार्यकर्ताओं को दिया जीत का मंत्र

कानोड़
वल्लभनगर विधायक उदय लाल डांगी मंगलवार को कानोड़ क्षेत्र के नीमड़ी, धाकड़ों का खेड़ा, नानखया खेड़ा, सीड, संग्रामपुर सहित एक दर्जन गांवों के दौरे पर रहें। दौरे के दौरान उन्होंने आमजन व ग्रामीणों से मुलाकात कर उनकी स्थानीय समस्याओं को सुना और त्वरित समाधान का आश्वासन दिया।
ग्रामीणों ने विधायक डांगी को बिजली, पानी और सड़कों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं से अवगत कराया। इस पर विधायक ने ग्रामीणों को आश्वस्त करते हुए कहा कि जनहित के कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाएगा। उन्होंने मौके पर मौजूद संबंधित अधिकारियों को सभी समस्याओं के त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए।

वहीं कानोड़ तहसील क्षेत्र में स्वीकृत हुई करोड़ों रुपए की सड़कों, पनघटों, सामुदायिक भवनों सहित अन्य विकास कार्यों को लेकर ग्रामीणों और स्थानीय कार्यकर्ताओं ने विधायक उदयलाल डांगी का आभार व्यक्त किया व धन्यवाद ज्ञापित किया।
पंचायती राज चुनाव में कार्यकर्ताओं को दिया जीत का मंत्र
आगामी पंचायती राज चुनावों को ध्यान में रखते हुए विधायक डांगी ने कार्यकर्ताओं के साथ संगठनात्मक चर्चा की और चुनाव में भाजपा को ऐतिहासिक जीत दिलाने का मंत्र दिया। दौरे के दौरान विधायक डांगी ने क्षेत्र के शोकाकुल परिवारों से भी मुलाकात की। उन्होंने दिवंगत आत्माओं को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए परिजनों को ढांढस बंधाया।
इस अवसर पर केरेश्वर मंडल अध्यक्ष भंवरलाल जाट, उदयपुर देहात पूर्व जिला उपाध्यक्ष प्रकाश जैन, सारंगपुरा-कानोड़ प्रशासक प्रकाश मीणा सहित कई स्थानीय जनप्रतिनिधि, भाजपा कार्यकर्ता एवं ग्रामीण मौजूद रहे।

