– बालोतरा में संतों, विद्यार्थियों, महिलाओं और गौ-भक्तों में जबरदस्त उत्साह, जिला कलेक्ट्रेट पर राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, राज्यपाल व मुख्यमंत्री के नाम सौंपा जाएगा ज्ञापन।
बालोतरा। देशभर में चलाए जा रहे “गौ माता राष्ट्रमाता सम्मान हस्ताक्षर अभियान” के द्वितीय चरण को लेकर बालोतरा सहित पूरे जिले में व्यापक जनसमर्थन देखने को मिल रहा है। अभियान के प्रति विद्यार्थियों, युवाओं, महिलाओं, संत-महात्माओं एवं गौ-सेवकों में विशेष उत्साह का माहौल है। अभियान का उद्देश्य गौ माता को राष्ट्रमाता घोषित करने की मांग को जन-जन तक पहुंचाना तथा लाखों नागरिकों के हस्ताक्षरों के माध्यम से केंद्र एवं राज्य सरकार का ध्यान इस ओर आकर्षित करना है।
अभियान से जुड़े संतों ने बताया कि देशभर में हजारों की संख्या में गौ-भक्त और सामाजिक कार्यकर्ता गांव-गांव एवं शहर-शहर जाकर जनजागरण कर रहे हैं। विशेष रूप से विद्यालयों एवं महाविद्यालयों के विद्यार्थियों ने भी इस अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेना शुरू कर दिया है। युवाओं का कहना है कि गौ माता भारतीय संस्कृति, सनातन परंपरा और ग्रामीण अर्थव्यवस्था की आधारशिला रही है, इसलिए उन्हें राष्ट्रमाता का सम्मान मिलना चाहिए।
अभियान का नेतृत्व कर रहे संत सनातन महाराज ने बताया कि वे स्वयं लंबे समय से गौ संरक्षण एवं गौ संवर्धन के लिए समर्पित हैं तथा गौ माता के सम्मान में 27 जुलाई को होने वाले राष्ट्रव्यापी हस्ताक्षर अभियान को लेकर पूरे जिले में लगातार जनसंपर्क कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि हजारों की संख्या में संत-महात्मा, गौ-भक्त एवं सामाजिक संगठन इस अभियान से जुड़ चुके हैं और आमजन से भी इसमें सहभागी बनने की अपील की जा रही है।
उन्होंने बताया कि 27 जुलाई को प्रातः जिला कलेक्ट्रेट, बालोतरा में एकत्र होकर हस्ताक्षर अभियान के समर्थन में राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा जाएगा। इस दौरान एक घंटे तक सामूहिक रूप से हस्ताक्षर अभियान चलाया जाएगा, जिसके बाद देशभर के विभिन्न जिलों से एक साथ ज्ञापन प्रस्तुत किए जाएंगे। इस राष्ट्रव्यापी कार्यक्रम का उद्देश्य जनभावनाओं को सरकार तक प्रभावी रूप से पहुंचाना है।
संत सनातन महाराज ने कहा कि वर्तमान में पूरे देश में हजारों संत-महात्मा, मातृशक्ति और गौ-सेवक दिन-रात गौ संरक्षण एवं गौ सम्मान के कार्य में जुटे हुए हैं। उन्होंने सभी धर्मप्रेमी नागरिकों, युवाओं, महिलाओं एवं सामाजिक संगठनों से आह्वान किया कि वे 27 जुलाई को अधिक से अधिक संख्या में जिला कलेक्ट्रेट पहुंचकर हस्ताक्षर अभियान में भाग लें और गौ माता को राष्ट्रमाता घोषित करने की इस जनभावना को सशक्त बनाएं। उनका विश्वास है कि जनसहभागिता के बल पर यह अभियान राष्ट्रीय स्तर पर एक ऐतिहासिक जनआंदोलन का रूप लेगा।
