हनुमानगढ़। जिले की हनुमानगढ़ टाउन पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध हथियारों, जिंदा कारतूस और हेरोइन के साथ छह बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 6.17 ग्राम हेरोइन, एक 12 बोर राइफल, एक .32 बोर पिस्टल, 16 जिंदा कारतूस और एक स्कॉर्पियो वाहन बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपियों में दो हिस्ट्रीशीटर भी शामिल हैं, जिन पर पहले से कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं।
पुलिस अधीक्षक नरेंद्र सिंह मीणा ने बताया कि हनुमानगढ़ टाउन थाना प्रभारी लखवीर सिंह के नेतृत्व में गठित टीम ने चक 14 केएसपी रोही स्थित स्वामी विवेकानंद बीएड कॉलेज के पास नाकाबंदी की थी। इसी दौरान एक संदिग्ध स्कॉर्पियो वाहन को रोककर उसकी तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान वाहन से अवैध हथियार, जिंदा कारतूस और हेरोइन बरामद होने पर उसमें सवार सभी छह आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों में नोहर थाना क्षेत्र का हिस्ट्रीशीटर सुनील कुमार उर्फ गोलू (38) निवासी लाखासर तथा हनुमानगढ़ टाउन थाना क्षेत्र का हिस्ट्रीशीटर रमेश उर्फ धोलू (28) निवासी मटोरियावाली ढाणी शामिल हैं। पुलिस के अनुसार सुनील कुमार के खिलाफ हत्या के प्रयास, मारपीट, आर्म्स एक्ट सहित करीब 43 आपराधिक मामले दर्ज हैं, जबकि रमेश उर्फ धोलू के खिलाफ मारपीट, आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस एक्ट सहित 12 मामले दर्ज हैं।
अन्य गिरफ्तार आरोपियों में श्रवण कुमार (49) निवासी गोरखाना, जगदीश उर्फ पहलवान (28) निवासी दमदमा (सिरसा), सुरजीत पवार (37) निवासी कंगनपुर (सिरसा) और निखिल (19) निवासी मटोरियावाली ढाणी शामिल हैं।
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि बरामद हथियार और मादक पदार्थ कहां से लाए गए थे और इनका इस्तेमाल किस उद्देश्य से किया जाना था।
