जैसलमेर। भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा से सटे जैसलमेर जिले के सब-रजिस्ट्रार कार्यालय में मंगलवार को आयकर विभाग ने छापेमार कार्रवाई की। उदयपुर और जैसलमेर की संयुक्त टीम ने कार्यालय पहुंचकर संदिग्ध भूमि रजिस्ट्रियों और उनसे जुड़े वित्तीय लेनदेन की जांच शुरू की।
करीब आठ सदस्यीय टीम विभिन्न जमीन रजिस्ट्रियों, दस्तावेजों और रिकॉर्ड का सत्यापन कर रही है। प्रारंभिक जांच में उन रजिस्ट्रियों को विशेष रूप से खंगाला जा रहा है, जिनमें पैन कार्ड का उपयोग नहीं किया गया या गलत जानकारी देकर संपत्ति का पंजीकरण कराया गया है।
सूत्रों के अनुसार आयकर विभाग संदिग्ध वित्तीय लेनदेन, अघोषित आय और काले धन के संभावित इस्तेमाल से जुड़े मामलों की जानकारी जुटा रहा है। जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
हाल ही में महेश कुल्हरी ने जिले में आयकर अधिकारी के रूप में कार्यभार संभाला है। सरकारी कार्यालय में आयकर विभाग की कार्रवाई के चलते दिनभर कर्मचारियों और आम लोगों के बीच हलचल का माहौल बना रहा।
फिलहाल आयकर विभाग की ओर से इस कार्रवाई को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। विभाग का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही मामले की विस्तृत जानकारी साझा की जाएगी।
इस बीच, राजस्थान हाईकोर्ट ने भी हाल ही में भारत-पाकिस्तान सीमा क्षेत्र में राष्ट्र सुरक्षा को सर्वोपरि बताते हुए कहा है कि सीमा क्षेत्र में स्थित प्रत्येक संपत्ति की जांच आवश्यक है और कानून के उल्लंघन को किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जा सकता।
