– 27 जुलाई को अभियान के दूसरे चरण का आयोजन, संत सनातन महाराज के नेतृत्व में बालोतरा-बाड़मेर में युद्ध स्तर पर चल रहा हस्ताक्षर अभियान।
बालोतरा। गोमाता को राष्ट्रमाता घोषित करवाने की मांग को लेकर देशभर में साधु-संतों के नेतृत्व में चल रहे ‘गो सम्मान आह्वान अभियान’ के दूसरे चरण का आयोजन 27 जुलाई को किया जाएगा। इस अभियान को सफल बनाने के लिए बालोतरा एवं बाड़मेर जिले में संत सनातन महाराज के नेतृत्व में गोभक्तों, गोसेवकों और गोरक्षकों की ओर से व्यापक जनसंपर्क एवं हस्ताक्षर अभियान चलाया जा रहा है। गांव-गांव, ढाणी-ढाणी और शहर के विभिन्न क्षेत्रों में लोगों को अभियान से जोड़ने के लिए युद्ध स्तर पर प्रचार-प्रसार किया जा रहा है।
गोभक्त संजय शर्मा एवं बजरंग प्रजापत ने बताया कि सोमवार को संत सनातन महाराज के सानिध्य में आसोतरा, बिठूजा, जानीयाना व सराणा सहित बालोतरा शहर की विभिन्न मौहल्लों, गोशालाओं और सार्वजनिक स्थलों पर पहुंचकर आमजन एवं गौसेवकों से संपर्क किया गया। इस दौरान सभी से अधिक से अधिक संख्या में हस्ताक्षर कर अभियान को मजबूती प्रदान करने का आह्वान किया गया।
संत सनातन महाराज ने कहा कि भारतीय संस्कृति और सनातन परंपरा में गोमाता का स्थान सदैव पूजनीय रहा है। गोमाता केवल आस्था का विषय नहीं, बल्कि भारतीय कृषि, ग्रामीण अर्थव्यवस्था, पर्यावरण संरक्षण और मानव स्वास्थ्य की आधारशिला भी है। उन्होंने कहा कि गोवंश की रक्षा और संवर्धन राष्ट्रहित से जुड़ा विषय है, इसलिए गोमाता को राष्ट्रमाता का सम्मान दिलाने के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग को आगे आना चाहिए।
उन्होंने कहा कि यह अभियान किसी एक संगठन का नहीं, बल्कि पूरे समाज का जनआंदोलन है। अभियान के माध्यम से देशभर से एकत्रित किए जा रहे हस्ताक्षरों को केंद्र सरकार तक पहुंचाकर गोमाता को राष्ट्रमाता घोषित करने की मांग की जाएगी। इसके लिए युवाओं, महिलाओं, किसानों, विद्यार्थियों एवं सामाजिक संगठनों से सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया गया।
अभियान से जुड़े कार्यकर्ताओं ने बताया कि आगामी दिनों में बालोतरा एवं बाड़मेर जिले के सैकड़ों गांवों और ढाणियों में जनसंपर्क अभियान चलाकर अधिक से अधिक लोगों को हस्ताक्षर अभियान से जोड़ा जाएगा, ताकि 27 जुलाई को होने वाला दूसरा चरण ऐतिहासिक और जनभागीदारी से परिपूर्ण बन सके। इस दौरान गोसेवा, गोसंवर्धन एवं गौ संरक्षण के महत्व को भी आमजन तक पहुंचाया जा रहा है
