सांगानेर में आईफोन सहित 60 से अधिक मोबाइल, 50000 चोरी:CCTV में कैद हुई वारदात; कार्रवाई की मांग पर आक्रोशित व्यापारियों ने मार्केट को 1 बजे तक बंद रखा

सांगानेर में चोरों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं। मकर संक्रांति की रात चोरों ने सांगानेर के मालपुरा गेट इलाके में स्थित एक मोबाइल शोरूम को निशाना बनाते हुए करीब 10 लाख रुपए की बड़ी चोरी को अंजाम दिया। चोर आईफोन सहित अन्य कंपनियों के 60 से ज्यादा मोबाइल फोन और गल्ले में रखे करीब 50 हजार रुपए नकद चोरी कर ले गए।

यह वारदात साईं टेलीकॉम नामक मोबाइल शोरूम में हुई, जिसके संचालक मयूर हेमनानी और पवन मनवानी हैं। यह दुकान मालपुरा गेट, बिजली विभाग के सामने, रामदेव मार्केट, डिग्गी रोड के पास स्थित है। दुकान मालिक मयूर हेमनानी ने बताया- चोरों ने मकर संक्रांति की रात करीब 2 बजे वारदात को अंजाम दिया। चोरी की पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि कुल पांच लोग चोरी की नीयत से बाजार में आए थे। इनमें से दो लोग बाहर खड़े होकर निगरानी कर रहे थे, जबकि तीन अन्य चोरों ने सरिये की मदद से शटर तोड़कर दुकान में प्रवेश किया और मोबाइल फोन कट्टों में भरकर ले गए। दुकान मालिक ने बताया कि चोरों ने महज 8 मिनट में पूरी चोरी की वारदात को अंजाम दिया और मौके से फरार हो गए।

Spread the love