
सिरोही जिले के बरलूट थाना क्षेत्र में पत्नी की मौत को हार्ट अटैक बताने वाले पति की साजिश पुलिस जांच में बेनकाब हो गई। पुलिस ने पत्नी की हत्या के आरोप में पति को गिरफ्तार कर लिया है। शुरुआती तौर पर आरोपी ने सभी को बताया था कि उसकी पत्नी की मौत हार्ट अटैक से हुई है, लेकिन जांच में खुलासा हुआ कि उसने उदयपुर से सिरोही लाते समय रास्ते में गला दबाकर पत्नी की हत्या कर दी थी।
पुलिस के अनुसार जावाल कस्बे निवासी गजेंद्र सिंह पुत्र नरपत सिंह ने अपनी पत्नी पूनम कंवर की हत्या कर शव को घर लाकर प्राकृतिक मौत का रूप देने की कोशिश की। मामले का खुलासा तब हुआ जब मृतका के चचेरे भाई जबर सिंह पुत्र बने सिंह निवासी सरथुल ने 10 जुलाई को पुलिस में रिपोर्ट देकर मौत पर संदेह जताया।
रिपोर्ट के बाद सिरोही एसपी पुष्पेंद्र सिंह राठौड़ के निर्देश पर डीएसपी मुकेश चौधरी ने मामले की गहन जांच शुरू की। पुलिस ने उदयपुर से सिरोही तक के पूरे रूट का परीक्षण किया। जांच के दौरान रात करीब 1:30 बजे हार्ट अटैक आने की कहानी संदिग्ध लगी। तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर पुलिस ने आरोपी से सख्ती से पूछताछ की, जिसमें उसने हत्या करना स्वीकार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि शादी के बाद वह अपनी पत्नी के साथ कोयंबटूर में रहता था। दोनों के बीच लंबे समय से घरेलू विवाद चल रहा था। इसी विवाद से परेशान होकर उसने उदयपुर से लौटते समय रास्ते में पत्नी का गला दबाकर हत्या कर दी और बाद में हार्ट अटैक से मौत होने की झूठी कहानी गढ़ दी।
पुलिस ने आरोपी गजेंद्र सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में उससे आगे की पूछताछ की जा रही है और हत्या से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच जारी है।
