सरेखुर्द में अवैध पहाड़ी कटिंग पर यूडीए की बड़ी कार्रवाई, पोकलेन सील, दो डंपर जब्त

उदयपुर। शहर के निकट कैलाशपुरी-रामा मार्ग स्थित सरेखुर्द क्षेत्र में अवैध पहाड़ी कटिंग और भूमि समतलीकरण के खिलाफ उदयपुर विकास प्राधिकरण (यूडीए) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक पोकलेन मशीन को सील कर दिया, जबकि दो डंपरों को जब्त कर प्राधिकरण कार्यालय पहुंचाया गया।

यूडीए आयुक्त अभिषेक खन्ना ने बताया कि राजस्व ग्राम सरेखुर्द की आराजी संख्या 2259, 2261 और 3994/2258 सहित अन्य खातों की रिकॉर्ड भूमि पर बिना अनुमति पहाड़ी काटकर समतलीकरण का कार्य किया जा रहा था। सूचना मिलने पर यूडीए की टीम मौके पर पहुंची और कार्रवाई करते हुए मशीनरी को जब्त किया।

यूडीए सचिव राजपाल सिंह ने बताया कि जांच के दौरान मौके पर किसी प्रकार की स्वीकृत प्लानिंग अथवा निर्माण कार्य नहीं पाया गया। इसके बाद संबंधित तहसील को सूचना दे दी गई है और खनन विभाग को भी आवश्यक कार्रवाई के लिए पत्र भेजा जा रहा है।

आयुक्त खन्ना ने कहा कि पिछले कुछ महीनों से अवैध पहाड़ी कटिंग और बिना स्वीकृति किए जा रहे निर्माण कार्यों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने आमजन से अपील की कि प्राधिकरण क्षेत्र में किसी भी प्रकार की पहाड़ी कटिंग या निर्माण कार्य शुरू करने से पहले नियमानुसार अनुमति अवश्य प्राप्त करें, क्योंकि बिना स्वीकृति किए गए निर्माण का बाद में नियमन संभव नहीं होता।

यह कार्रवाई यूडीए तहसीलदार डॉ. अभिनव शर्मा के निर्देशन में की गई। इस दौरान राजेंद्र सेन, बाबूलाल तेली, भू-अभिलेख शाखा के पटवारी दीपक जोशी तथा होमगार्ड जाब्ता भी मौजूद रहा।

Spread the love