बलिचा हाईवे लूटकांड का पर्दाफाश, वाजिद खान और गौतम मीणा गिरफ्तार

उदयपुर के सविना थाना क्षेत्र में बलिचा हाईवे पर हुई लूट की वारदात का पुलिस ने खुलासा करते हुए वाजिद खान और गौतम मीणा को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूट की 22 हजार रुपये की रकम, वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल और चाकू बरामद किया है।

पुलिस के अनुसार 24 अगस्त को रतनलाल मीणा टैंपो से गैस सप्लाई के लिए जा रहे थे। इसी दौरान बाइक सवार दो बदमाशों ने टैंपो को रोककर चाकू दिखाया और उनकी जेब से 22 हजार रुपये लूटकर फरार हो गए।

मामला दर्ज होने के बाद सविना थाना पुलिस ने तकनीकी सहायता और मुखबिर तंत्र के आधार पर कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। पूछताछ में करीब 15 दिन पहले गोवर्धन विलास क्षेत्र में हुई एक अन्य लूट का भी खुलासा हुआ है।

गिरफ्तार आरोपी वाजिद खान खांजीपीर क्षेत्र और गौतम मीणा सज्जनगढ़ रोड क्षेत्र का निवासी है। पुलिस के अनुसार वाजिद खान के खिलाफ हत्या के प्रयास, मारपीट, लूट और चोरी सहित 40 से अधिक मामले दर्ज हैं। मामले में पुलिस की पूछताछ और आगे की जांच जारी है।

Spread the love