उदयपुर। डीएसटी और पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पिछोला रिंग रोड से भूपालपुरा निवासी शिवराज सिंह चौहान को देसी कट्टे के साथ गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से अवैध हथियार बरामद किया है। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि आरोपी ने यह कट्टा करीब तीन साल पहले खरीदा था।
पुलिस के अनुसार शिवराज ने पूछताछ में बताया कि उसने इलाके में अपना खौफ और रुतबा कायम करने के इरादे से कट्टा खरीदा था। हालांकि इतने समय तक हथियार उसके पास ही रहा। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी ने कट्टा कहां से खरीदा था और इसे रखने के पीछे उसकी अन्य कोई मंशा तो नहीं थी।
डीएसटी और पुलिस की टीम आरोपी से पूछताछ कर अवैध हथियार की खरीद-फरोख्त से जुड़े नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
