
नए साल की शुरुआत के साथ ही आम आदमी की जेब पर बोझ बढ़ना तय हो गया है। केंद्र सरकार के नए फैसलों के बाद आगामी 1 फरवरी से सिगरेट, पान मसाला और तंबाकू उत्पादों की कीमतों में भारी उछाल आने वाला है। वित्त मंत्रालय द्वारा जारी ताजा नोटिफिकेशन के मुताबिक, इन उत्पादों पर अब 28% के बजाय सीधे 40% GST वसूला जाएगा। हालांकि, इन पर लगने वाला कंपनसेशन सेस खत्म कर दिया गया है, लेकिन इसके बदले एक नई एक्साइज ड्यूटी लागू की गई है। सिगरेट की लंबाई और फिल्टर के आधार पर प्रति 1000 सिगरेट पर 2050 रुपये से लेकर 8500 रुपये तक की एक्साइज ड्यूटी लगेगी। इसके अलावा गुटखा पर 91%, जबकि च्युइंग और जर्दा तंबाकू पर 82% एक्साइज ड्यूटी लगाकर कीमतों को और बढ़ाने की तैयारी है।
इतना ही नहीं, 1 जनवरी से ही 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में भी 111 रुपये की बड़ी बढ़ोतरी कर दी गई है। तेल विपणन कंपनियों के इस फैसले से बाहर खाना-पीना महंगा हो सकता है, हालांकि घरेलू रसोई गैस (14.2 किलो) की कीमतों में कोई बदलाव न कर आम गृहिणियों को राहत दी गई है। दूसरी ओर, हवाई यात्रा करने वालों के लिए अच्छी खबर है क्योंकि विमान ईंधन (ATF) की कीमतों में 7.3% की कटौती की गई है, जिससे दिल्ली में इसकी कीमत अब 92,323.02 रुपये प्रति किलोलीटर रह गई है।
देश के आर्थिक मोर्चे से एक और महत्वपूर्ण जानकारी सामने आई है कि दिसंबर महीने में GST कलेक्शन में 6.1% की सालाना बढ़त दर्ज की गई है। सरकारी आंकड़ों के अनुसार, दिसंबर में कुल GST कलेक्शन 1 लाख 74 हजार 550 करोड़ रुपये रहा, जो पिछले साल के इसी महीने के मुकाबले काफी बेहतर है। विशेष रूप से इंपोर्टेड गुड्स से होने वाले कलेक्शन में 19.7% की जबरदस्त वृद्धि देखी गई है। एक ओर जहां सरकार का खजाना भर रहा है, वहीं टैक्स और ड्यूटी के नए स्लैब ने आम उपभोक्ताओं के बजट को बिगाड़ने का संकेत दे दिया है।
