उदयपुर में मावा बर्फी, पनीर और दूध के 12 नमूने फेल, दूषित घी और दूध मिला अनसेफ

उदयपुर। जिले में खाद्य पदार्थों में मिलावट के खिलाफ खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई लगातार जारी है। राज्य सरकार के ‘शुद्ध आहार, मिलावट पर वार’ अभियान के तहत उदयपुर शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में लिए गए खाद्य पदार्थों के नमूनों की जांच रिपोर्ट सामने आई है। जांच में कुल 12 नमूने निर्धारित खाद्य मानकों पर खरे नहीं उतरे। इनमें कई नमूने सबस्टैंडर्ड पाए गए, जबकि दूध और घी के कुछ नमूनों को स्वास्थ्य के लिए अनसेफ घोषित किया गया है।

सीएमएचओ डॉ. अशोक आदित्य के अनुसार खाद्य सुरक्षा अधिकारियों अशोक कुमार गुप्ता और नरेंद्र सिंह चौहान की टीम ने अलग-अलग प्रतिष्ठानों और वाहनों से खाद्य पदार्थों के नमूने लिए थे। प्रयोगशाला जांच के बाद इनकी रिपोर्ट सामने आई, जिसके आधार पर संबंधित फर्मों को नोटिस जारी किए गए हैं।

मावा बर्फी, मिल्ककेक और दही के नमूने सबस्टैंडर्ड

जांच रिपोर्ट में वल्लभनगर स्थित सांवरिया स्वीट्स एवं नमकीन से लिया गया मावा बर्फी का नमूना सबस्टैंडर्ड मिला। वहीं सुखेर स्थित अरोड़ा नमकीन चाट भंडार से लिए गए दही के नमूने में भी निर्धारित मानकों की कमी पाई गई।

शास्त्री सर्कल स्थित होटल अशोक से लिए गए हैदराबादी बिरयानी के नमूने को भी सबस्टैंडर्ड घोषित किया गया है। खैरवाड़ा स्थित जोधपुर स्वीट होम से लिए गए मिल्ककेक के नमूने में भी मानकों का उल्लंघन मिला।

इसके अलावा वैगड़ा कलाल समाज के नोहरे स्थित सन्मुख सितलानी के गोदाम से लिए गए मिल्ककेक और मावा बर्फी के नमूने भी जांच में सबस्टैंडर्ड पाए गए।

गुलाब जामुन, घेवर और पनीर भी जांच में फेल

खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने भटेवर स्थित कृष्णा मिल्क फूड एंड ट्रेडिंग कंपनी से गुलाब जामुन और घेवर के नमूने लिए थे। जांच के बाद दोनों नमूनों को भी सबस्टैंडर्ड पाया गया।

वहीं दशरथ डांगी के टैंपो से जब्त किए गए पनीर के नमूने की जांच रिपोर्ट में भी गुणवत्ता मानकों पर खरा नहीं उतरने की बात सामने आई है।

दूध और घी के नमूने ‘अनसेफ’

इस कार्रवाई में सबसे गंभीर बात यह सामने आई कि कुछ नमूनों को केवल अमानक ही नहीं बल्कि स्वास्थ्य के लिए अनसेफ घोषित किया गया है।

सेक्टर-6 में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने चित्तौड़गढ़ निवासी मिलन माली के दूध टैंकर को रोककर भैंस के दूध के दो नमूने लिए थे। प्रयोगशाला जांच के बाद दोनों नमूनों को स्वास्थ्य के लिए अनसेफ घोषित किया गया।

इसी तरह सेक्टर-4 स्थित श्री महावीर दूध डेयरी से लिए गए घी के नमूने को भी अनसेफ पाया गया है। विभाग ने संबंधित फर्मों को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है।

सफाई व्यवस्था में भी मिली लापरवाही

खाद्य सुरक्षा टीम ने मोती मगरी स्थित कमलेश टी सेंटर का निरीक्षण भी किया। यहां स्वच्छता संबंधी गंभीर अनियमितताएं सामने आईं। टीम ने मौके से अखबार जब्त कर उन्हें नष्ट कराया।

Spread the love