
उदयपुर के कलडवास रीको में जमीन अवाप्त होने से प्रभावित किसानों को भूखंड आवंटित करने के लिए मंगलवार को होने वाली लॉटरी विवादों में घिर गई है। कुल 26 लाभार्थियों के लिए लॉटरी निकाली जानी थी, लेकिन रीको केवल 16 लोगों की ही लॉटरी निकाल रहा है। इसे लेकर 10 किसानों ने रीको पर अपने चहेतों को फायदा पहुंचाने का आरोप लगाया है और लॉटरी को रद्द करने की मांग की है।
होली चौक, पानेरियों की मादड़ी के शोभालाल, सुन्दरबाई, लक्ष्मीनारायण, और कालूराम मेनारिया ने इस संबंध में जिला कलेक्टर को एक ज्ञापन सौंपा है। उन्होंने बताया कि उच्च न्यायालय में चल रहे एक मुकदमे के 26 खाताधारकों ने अपनी जमीन रीको को सौंपने का फैसला किया था। समझौते के तहत, उन्हें मुआवजे के बदले 25% विकसित भूखंड आवंटित किए जाने थे।
ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि गिर्वा तहसीलदार ने 16 खाताधारकों की जमीन का कब्जा लेकर रीको को सौंप दिया है। वहीं, बाकी 10 खाताधारकों ने भी जुलाई में ही अपनी जमीन का कब्जा सौंप दिया था, लेकिन उनके प्लॉट को मंगलवार को होने वाली लॉटरी में शामिल नहीं किया गया है।
किसानों का कहना है कि रीको यह आवंटन केवल अपने कुछ पसंदीदा लोगों को लाभ पहुंचाने के लिए कर रहा है। उन्होंने मांग की है कि सभी 26 खाताधारकों को इस लॉटरी में शामिल किया जाए।
