उदयपुर में शिव मंदिर में मूर्ति खंडित करने से गरमाया माहौल, सूरजपोल थाने के बाहर जुटे लोग

उदयपुर। शहर के सूरजपोल थाना क्षेत्र में शिव मंदिर में मूर्ति खंडित किए जाने की घटना सामने आने के बाद इलाके का माहौल गरमा गया। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया और बड़ी संख्या में लोग सूरजपोल थाने के बाहर पहुंच गए। लोगों ने घटना को लेकर नाराजगी जताते हुए आरोपियों की जल्द पहचान कर गिरफ्तारी की मांग की।

बताया गया कि मंदिर में असामाजिक तत्वों द्वारा शिव मूर्ति को खंडित किए जाने की जानकारी सामने आने के बाद स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोग थाने के बाहर जमा हो गए। घटना को लेकर सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने पुलिस अधिकारियों के सामने अपनी नाराजगी जताते हुए आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।

पुलिस अधिकारियों ने संभाला मोर्चा

मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने लोगों से बातचीत की और पूरे मामले की जानकारी ली। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस अब घटना से जुड़े तमाम पहलुओं की जांच कर रही है। मंदिर और आसपास के क्षेत्र में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि मूर्ति को नुकसान पहुंचाने वाले लोगों की पहचान की जा सके। इसके अलावा पुलिस स्थानीय स्तर पर भी जानकारी जुटा रही है।

गिरफ्तारी नहीं हुई तो आंदोलन की चेतावनी

घटना को लेकर थाने के बाहर पहुंचे लोगों ने पुलिस प्रशासन से आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की। सामाजिक संगठनों से जुड़े लोगों ने कहा कि धार्मिक स्थल पर इस तरह की घटना को लेकर लोगों में रोष है और दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए।

लोगों ने चेतावनी दी कि यदि आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी नहीं होती और उनके खिलाफ कार्रवाई नहीं की जाती है तो आगे आंदोलन किया जाएगा।

आश्वासन के बाद शांत हुए लोग

मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने लोगों को आश्वासन दिया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और आरोपियों की पहचान के प्रयास जारी हैं। पुलिस की ओर से जल्द कार्रवाई का भरोसा दिए जाने के बाद लोगों को शांत कराया गया।

Spread the love