उदयपुर में शिवलिंग खंडित होने के बाद आक्रोश, बाजार बंद; मुख्य आरोपी हिरासत में

उदयपुर में शिवलिंग खंडित किए जाने के मामले को लेकर लोगों में आक्रोश देखने को मिला। सूरजपोल थाना क्षेत्र के इंदिरा नगर कच्ची बस्ती स्थित महादेव मंदिर में शिवलिंग खंडित किए जाने के बाद हिंदू संगठनों और स्थानीय लोगों ने विरोध जताया।

घटना के बाद शुक्रवार को बड़ी संख्या में लोग सूरजपोल थाने पहुंचे और थाने का घेराव कर आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की। इस दौरान जमकर नारेबाजी की गई। वहीं, विरोध के चलते बाजार बंद रहे और देहलीगेट क्षेत्र में भी लोगों ने प्रदर्शन कर अपना आक्रोश जताया।

मामले की जांच में जुटी सूरजपोल थाना पुलिस ने आरोपी तक पहुंचने के लिए 100 से ज्यादा CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले। पुलिस ने फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मुख्य आरोपी की पहचान की और उसे हिरासत में ले लिया।

पुलिस अब हिरासत में लिए गए आरोपी से पूछताछ कर रही है। साथ ही घटना में अन्य लोगों की भूमिका को लेकर भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

शिवलिंग खंडित किए जाने की घटना के बाद से क्षेत्र में तनाव को देखते हुए पुलिस प्रशासन भी सतर्क है और स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

Spread the love