उदयपुर के बॉक्सर्स ने राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में जीते 5 पदक, दो स्वर्ण पर जमाया कब्जा

उदयपुर। अलवर में आयोजित 70वीं राज्य स्तरीय स्कूली बॉक्सिंग प्रतियोगिता अंडर-14 में उदयपुर के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दो स्वर्ण सहित कुल पांच पदक जीतकर शहर का नाम रोशन किया। प्रतियोगिता में उदयपुर के बॉक्सर्स ने दो स्वर्ण, दो रजत और एक कांस्य पदक हासिल किया।

राजस्थान राज्य क्रीड़ा परिषद के प्रशिक्षक नरपत सिंह चुंडावत ने बताया कि प्रतियोगिता में शौर्यवीर मेहता और सूर्यभान सिंह ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीते। वहीं, काव्यांश सालवी और हर्ष परिहार ने रजत पदक हासिल किए, जबकि गिहान दवे ने कांस्य पदक अपने नाम किया।

श्री हेमराज राष्ट्रीय व्यायामशाला में लेते हैं प्रशिक्षण

प्रशिक्षक नरपत सिंह चुंडावत के अनुसार, सभी खिलाड़ी श्री हेमराज राष्ट्रीय व्यायामशाला में नियमित प्रशिक्षण प्राप्त करते हैं। ये सभी उदयपुर के स्थानीय विद्यालयों में अध्ययनरत हैं। खिलाड़ियों ने अपनी मेहनत, लगन और खेल कौशल के दम पर प्रतियोगिता में यह उपलब्धि हासिल की।

उदयपुर लौटने पर खिलाड़ियों का स्वागत

प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन के बाद उदयपुर लौटने पर श्री हेमराज राष्ट्रीय व्यायामशाला में सभी पदक विजेता बॉक्सर्स का स्वागत किया गया। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से खेल जगत में खुशी का माहौल है। उनकी सफलता को शहर के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।

Spread the love