
बांसवाड़ा। बांसवाड़ा के सदर थाना क्षेत्र के जानामेड़ी गांव में रिश्तों को शर्मसार करने वाली एक रोंगटे खड़े कर देने वाली वारदात सामने आई है। यहाँ नशे की लत और पैसों के लालच में एक भतीजे ने अपने ही सगे चाचा पर कुल्हाड़ी और लाठी से जानलेवा हमला कर उन्हें लहूलुहान कर दिया। वारदात उस वक्त हुई जब घायल होमजी अपने घर पर अकेले थे। इसी दौरान उनका भतीजा रोहित वहां पहुंचा और शराब पीने के लिए पैसों की मांग करने लगा। जब चाचा ने पैसे देने से इनकार किया, तो रोहित आपा खो बैठा और गाली-गलौज करते हुए उन पर लाठी से हमला बोल दिया।
हमले से घबराए होमजी जब अपनी जान बचाकर वहां से भागने लगे, तो सनकी भतीजे ने पास पड़ी कुल्हाड़ी उठा ली और उनके सिर व कमर पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। कुल्हाड़ी के वार से होमजी तड़पते हुए जमीन पर गिर पड़े, लेकिन आरोपी की दरिंदगी यहीं खत्म नहीं हुई। घायल चाचा को तड़पता छोड़ रोहित उनके हाथ से चांदी का कड़ा छीनकर मौके से फरार हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही होमजी का बेटा शंभुलाल आनन-फानन में घर पहुंचा और खून से लथपथ पिता को लेकर बांसवाड़ा के एमजी अस्पताल भागा, जहां फिलहाल उनका उपचार जारी है और हालत गंभीर बनी हुई है।
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, आरोपी रोहित कोई साधारण अपराधी नहीं है बल्कि वह एक आदतन बदमाश है। उस पर पहले से ही लूटपाट और मारपीट के कई संगीन मामले दर्ज हैं और वह दो बार जेल की हवा भी खा चुका है। गांव वालों का कहना है कि नशे की खातिर वह अक्सर हिंसक हो जाता है। पुलिस ने इस मामले में जांच शुरू कर दी है और फरार आरोपी की सरगर्मी से तलाश की जा रही है। इस घटना ने एक बार फिर समाज में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति और टूटते पारिवारिक मूल्यों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
