उदयपुर में ‘कबाब एंड करीज़’ रेस्टोरेंट में भीषण आग, 10 लाख का नुकसान, बाल-बाल बचे लोग

उदयपुर। लेकसिटी उदयपुर के पॉश इलाके शोभागपुरा में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब प्रसिद्ध ‘कबाब एंड करीज़’ रेस्टोरेंट अचानक आग के शोलों और धुएं के गुबार से घिर गया। देखते ही देखते रेस्टोरेंट के भीतर से उठते काले धुएं ने आसपास के दुकानदारों और राहगीरों में दहशत पैदा कर दी। आग इतनी तेजी से फैली कि किसी को कुछ समझने का मौका ही नहीं मिला और पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। प्राथमिक जांच में माना जा रहा है कि आग शॉर्ट सर्किट की वजह से लगी थी, लेकिन रेस्टोरेंट की चिमनी में लंबे समय से जमी चिकनाई और लुब्रिकेट्स ने ईंधन का काम किया, जिससे लपटें विकराल हो गईं।

इस हादसे में रेस्टोरेंट का कीमती फर्नीचर, आधुनिक इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स और भारी मात्रा में अन्य सामग्री जलकर खाक हो गई है, जिससे संचालक को करीब 10 लाख रुपये का फटका लगने का अनुमान है। हालांकि, गनीमत यह रही कि आग की आहट मिलते ही रेस्टोरेंट में मौजूद कर्मचारी और ग्राहक तुरंत बाहर की ओर भागे, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया और कोई जनहानि नहीं हुई। सूचना मिलते ही नगर निगम की दो दमकलें मौके पर पहुंचीं और फायर फाइटर्स ने करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया।

आग बुझने के बाद भी रेस्टोरेंट के भीतर इतना घना धुआं भर गया था कि सांस लेना दूभर हो गया, जिसे बाहर निकालने के लिए विशेष मशीनों का सहारा लेना पड़ा। इस दौरान स्थानीय पुलिस भी मौके पर मौजूद रही और स्थिति का जायजा लिया। आसपास के दुकानदारों ने भी तत्परता दिखाते हुए शुरुआत में अपने स्तर पर आग को रोकने की कोशिश की थी। फिलहाल आग के सटीक कारणों की जांच की जा रही है, लेकिन इस घटना ने एक बार फिर कमर्शियल इमारतों में फायर सेफ्टी और चिमनियों की नियमित सफाई की जरूरत पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Spread the love