सिंबल लेने दंडवत करते पहुंचे पति-पत्नी: सांवलिया सेठ की तस्वीर लेकर पहुंचे निर्दलीय प्रत्याशी, 385 उम्मीदवार मैदान में

जोधपुर। नगर निगम चुनाव को लेकर नामांकन वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब चुनावी मैदान की तस्वीर साफ हो गई है। शुक्रवार को निर्दलीय प्रत्याशियों को चुनाव चिन्ह यानी सिंबल आवंटित किए गए। इसी दौरान जोधपुर में आस्था का अनोखा नजारा देखने को मिला। वार्ड नंबर 91 से निर्दलीय प्रत्याशी सीता के पति श्रवण सांसी अपनी पत्नी के साथ चुनाव चिन्ह लेने के लिए सहायक रिटर्निंग अधिकारी के कार्यालय तक दंडवत करते हुए पहुंचे।

श्रवण सांसी सांवलिया सेठ की तस्वीर हाथ में लेकर पत्नी के साथ कलेक्ट्रेट गेट से सहायक रिटर्निंग अधिकारी के कार्यालय तक दंडवत करते हुए पहुंचे। उन्होंने बताया कि दोनों ने चुनाव में जीत के लिए सांवलिया सेठ से मनोकामना मांगी है। इसी आस्था के चलते उन्होंने यह संकल्प लिया था।

श्रवण ने बताया कि उनकी पत्नी सीता को चुनाव में बेंच का चुनाव चिन्ह मिला है। नामांकन दाखिल करने से पहले भी दोनों पति-पत्नी सांवलिया सेठ के दर्शन करने गए थे और जीत की मनोकामना मांगी थी। अब चुनाव चिन्ह मिलने के बाद उन्होंने अपनी मनोकामना पूरी होने की उम्मीद के साथ यह धार्मिक संकल्प निभाया।

385 प्रत्याशी चुनाव मैदान में

नामांकन वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद नगर निगम चुनाव की तस्वीर साफ हो गई है। अब कुल 385 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। शुक्रवार को प्रत्याशियों को चुनाव चिन्ह आवंटित किए गए। इसके साथ ही प्रत्याशियों ने अपने-अपने वार्ड में प्रचार अभियान तेज कर दिया है।

चुनावी मैदान में उतरने वाले प्रत्याशी अब घर-घर संपर्क और जनसभाओं के जरिए मतदाताओं तक पहुंच बनाने में जुटेंगे। वहीं वार्ड नंबर 91 में निर्दलीय प्रत्याशी सीता के पति का दंडवत करते हुए कार्यालय पहुंचने का वीडियो और तस्वीरें चर्चा का विषय बनी हुई हैं।

Spread the love