जयपुर में CA के किडनैप की कोशिश, मर्सिडीज में लेकर भागे बदमाश; 15 KM दूर नाले में पलटी कार

जयपुर। राजधानी जयपुर में सेंट्रल पार्क से एक चार्टर्ड अकाउंटेंट के अपहरण के प्रयास का सनसनीखेज मामला सामने आया है। अशोक नगर थाना क्षेत्र में दो बदमाश लग्जरी मर्सिडीज कार से पहुंचे और CA राजीव गुप्ता (50) को जबरन कार में बैठाकर ले जाने की कोशिश की। वारदात के बाद तेज रफ्तार कार करीब 15 किलोमीटर दूर आमेर इलाके में पहुंची, जहां हादसे का शिकार हो गई।

जानकारी के अनुसार, बदमाश राजीव गुप्ता को कार में लेकर फरार हुए। तेज रफ्तार मर्सिडीज ने दिल्ली रोड पर एक बाइक को टक्कर मार दी। इसके बाद सुबह करीब 8 बजे पीली की तलाई कट के पास कार अनियंत्रित होकर कच्चे नाले में उतर गई। हादसे के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही आमेर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी राजेंद्र गोदारा पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और दुर्घटनाग्रस्त मर्सिडीज की तलाशी ली। पुलिस को कार से नकली पिस्टल और चाकू बरामद हुआ है। पुलिस ने क्रेन की मदद से कार को थाने पहुंचाया।

वहीं, पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि फरार दोनों आरोपियों की पहचान हो सके।

अपहरण के प्रयास को लेकर पीड़ित राजीव गुप्ता अशोक नगर थाने में मामला दर्ज कराने पहुंचे हैं। पुलिस उनके बयान के आधार पर पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी CA को क्यों और कहां ले जाना चाहते थे।

मर्सिडीज के नाले में पलटने और कार से हथियारनुमा सामान मिलने के बाद मामला और गंभीर हो गया है। पुलिस फरार आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।

Spread the love