देहलीगेट पर अवैध पार्किंग का अड्डा साफ, रेस्टोरेंट संचालकों को चेतावनी

उदयपुर। शहर के व्यस्त देहलीगेट चौराहे पर सड़क किनारे लंबे समय से चल रही अवैध पार्किंग के खिलाफ धानमंडी पुलिस ने कार्रवाई की है। रेस्टोरेंट्स के सामने ग्राहकों के दोपहिया और चारपहिया वाहन खड़े करवाए जाने से यातायात प्रभावित होने और शाम के समय जाम की स्थिति बनने की शिकायतों के बाद पुलिस ने पार्किंग हटवाई।

देहलीगेट चौराहे पर स्थित मीरा, दया और बावर्ची रेस्टोरेंट के सामने सड़क के हिस्से को पार्किंग के रूप में इस्तेमाल किए जाने की शिकायतें सामने आई थीं। इसके चलते मुख्य सड़क पर वाहनों की आवाजाही के लिए जगह कम हो रही थी। धानमंडी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सड़क से वाहन हटवाए और रेस्टोरेंट संचालकों को दोबारा सड़क पर ग्राहकों के वाहन खड़े नहीं करवाने की चेतावनी दी।

पुलिस ने रेस्टोरेंट संचालकों को निर्देश दिए हैं कि ग्राहकों के वाहन तैयबिया स्कूल के पास अथवा बैंक तिराहा क्षेत्र में पार्क करवाए जाएं। पुलिस की ओर से दिन में गश्त के दौरान पार्किंग व्यवस्था पर नजर रखने की बात भी कही गई है।

हालांकि कार्रवाई के साथ ही एक बड़ा सवाल भी उठ रहा है कि देहलीगेट चौराहे पर ट्रैफिक पुलिस का कार्यालय होने के बावजूद सड़क पर लंबे समय तक अवैध पार्किंग कैसे चलती रही? स्थानीय लोगों का कहना है कि रैली, जुलूस या शोभायात्रा जैसे विशेष आयोजनों के दौरान ही यहां पार्किंग हटाई जाती है, जबकि सामान्य दिनों में रेस्टोरेंट के सामने वाहनों की कतार लगी रहती है।

वहीं, पार्किंग को लेकर रेस्टोरेंट संचालकों के बीच विवाद का मामला भी पहले सामने आ चुका है। कुछ माह पूर्व दया और मीरा रेस्टोरेंट के बीच पार्किंग को लेकर विवाद थाने तक पहुंचा था। आरोप है कि किसी अन्य रेस्टोरेंट के ग्राहक द्वारा सामने वाहन खड़ा करने को लेकर भी कई बार विवाद की स्थिति बनती रही है।

अब पुलिस की इस कार्रवाई के बाद देखना होगा कि देहलीगेट पर अवैध पार्किंग की समस्या का स्थायी समाधान होता है या कुछ दिनों बाद सड़क पर फिर से वाहनों की कतार नजर आती है। देहलीगेट शहर का प्रमुख व्यावसायिक और यातायात क्षेत्र होने के कारण यहां व्यवस्थित पार्किंग व्यवस्था बेहद जरूरी है।

Spread the love