जम्मू-कश्मीर में आतंकवादियों को जयपुर में बने-रोबोट ने मारा था:मेड इन इंडिया के तहत बने 3 रोबोट आर्मी में शामिल; दिल्ली में परेड में दिखेंगे

जम्मू-कश्मीर के अखनूर में आतंकियों के साथ हुई मुठभेड़ में सेना की ओर से मानव रहित रोबोट ‘जीना’ का इस्तेमाल किया गया था। इस आतंकवाद विरोधी ऑपरेशन में भारी हथियारों से लैस तीन आतंकवादी मारे गए थे।

वहीं, ऑटोनॉमस यूजीवी डैगर को हाल ही भारतीय सेना की 50 पैरा (स्पेशल फोर्सेज) में शामिल किया गया है। डैगर भारत का पहला पूरी तरह से स्वदेशी व नेक्स्ट-जेन ऑटोनॉमस रोबोट है। डैगर रोबोट युद्ध क्षेत्र में घायलों को निकालकर सुरक्षित स्थान तक लाने की खूबी रखता है।

ये रोबोट जयपुर में बनाए गए हैं। जयपुर के क्लब फर्स्ट रोबोटिक्स की ओर से इन्हें ‘मेक इन इंडिया’ के तहत सीतापुरा क्षेत्र में डिजाइन कर तैयार किया गया है। इन रोबोट को नई दिल्ली में गणतंत्र दिवस की परेड में 26 जनवरी को दिखाया जाएगा।

देश की राजधानी दिल्ली में आर्मी ग्राउंड व्हीकल (यूजीवी) ‘डैगर’ और ऑटोनॉमस हथियारबंद ‘जीना’ का वैभव देखने को मिलेगा। दुश्मन के खिलाफ भारतीय सेना की कार्रवाई के आधार पर विशेष रूप से इन्हें डिजाइन किया गया है।

Spread the love