उदयपुर में कांग्रेस प्रत्याशियों की बैठक में हंगामा, कार्यकर्ताओं का फूटा गुस्सा

उदयपुर। नगर निगम चुनाव के बाद शनिवार को कांग्रेस प्रत्याशियों की एक होटल में चल रही बैठक के दौरान अचानक हंगामा हो गया। बैठक में मौजूद एक कार्यकर्ता को बाहर जाने के लिए कहे जाने के बाद मामला गरमा गया और प्रत्याशी के साथ आए कुछ कार्यकर्ताओं ने होटल के बाहर विरोध शुरू कर दिया।

बताया जा रहा है कि नाराज कार्यकर्ताओं ने पार्टी के नेताओं और संगठन की कार्यप्रणाली को लेकर सवाल उठाए। इस दौरान एक कार्यकर्ता ने आक्रोश जताते हुए कहा, “जब कार्यकर्ताओं की पार्टी में इज्जत नहीं है तो क्या बोर्ड बना लोगे?” हंगामे के दौरान कुछ कार्यकर्ताओं ने गुस्से में अपशब्दों का भी इस्तेमाल किया।

मामला बढ़ता देख मौके पर मौजूद अन्य कार्यकर्ताओं ने नाराज लोगों को समझाने और स्थिति को शांत कराने का प्रयास किया। इसी बीच हंगामे की कवरेज कर रहे मीडिया कर्मियों के कैमरे बंद कराने की कोशिश भी किए जाने की बात सामने आई, जिस पर पत्रकारों ने नाराजगी जताई।

बैठक के दौरान हुआ यह घटनाक्रम अब उदयपुर के राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बना हुआ है। चुनाव के बाद पार्टी की अंदरूनी नाराजगी और कार्यकर्ताओं के विरोध ने कांग्रेस संगठन के सामने कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

Spread the love