उदयपुर। शहर के सेक्टर-14 स्थित राजस्थान हॉस्पिटल रोड पर बुधवार देर रात एक मेडिकल स्टोर में अचानक भीषण आग लग गई। आग सोनल केमिस्ट मेडिकल स्टोर में रात करीब 1 बजे लगी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और कुछ ही मिनटों में दुकान के अंदर रखा मेडिकल सामान और अन्य सामग्री आग की चपेट में आ गई।
दुकान संचालक के अनुसार आग लगने की जानकारी मिलते ही तत्काल फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। संचालक का आरोप है कि सूचना देने के बावजूद दमकल वाहन करीब एक घंटे की देरी से मौके पर पहुंचा। इस दौरान आग लगातार फैलती रही और दुकान में रखा बड़ी मात्रा में मेडिकल सामान जलकर खाक हो गया।
स्थानीय लोगों के मुताबिक आग लगने के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आग की लपटें तेजी से फैल रही थीं और आसपास के लोगों ने भी अपने स्तर पर आग पर काबू पाने की कोशिश की। हालांकि आग की तीव्रता अधिक होने के कारण स्थिति पर नियंत्रण करना मुश्किल रहा।

दुकान संचालक का कहना है कि आग लगने के शुरुआती समय में ही अगर दमकल मौके पर पहुंच जाती तो नुकसान को काफी हद तक कम किया जा सकता था। करीब 10 मिनट के भीतर दुकान का अधिकांश सामान जलने की बात सामने आई है।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने दमकल व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठाए हैं। लोगों का कहना है कि शहर के व्यस्त इलाकों में आगजनी जैसी आपात स्थिति से निपटने के लिए दमकल की त्वरित उपलब्धता बेहद जरूरी है।
वहीं, संबंधित थाने में आग बुझाने के लिए प्राथमिक स्तर के छोटे अग्निशमन संसाधन तक उपलब्ध नहीं होने की बात भी सामने आई है। इसे लेकर स्थानीय लोगों ने पुलिस और प्रशासन से आवश्यक अग्निशमन उपकरण उपलब्ध कराने की मांग की है, ताकि आपात स्थिति में शुरुआती स्तर पर आग को फैलने से रोका जा सके।
