राजमाता साहिबा विजयराज कुमारी मेवाड़ को श्रद्धांजलि देने उमड़ा जनसमूह

राजमहल में आयोजित शोकसभा में गणमान्यजनों और आमजन ने अर्पित किए श्रद्धासुमन

उदयपुर, 16 सितम्बर। राजमाता साहिबा विजयराज कुमारी जी मेवाड़ के देवलोक गमन के बाद बुधवार को उदयपुर के राजमहल में श्रद्धांजलि एवं शोकसभा का आयोजन किया गया। दोपहर 2 बजे से 3 बजे तक आयोजित सभा में बड़ी संख्या में आमजन के साथ विभिन्न क्षेत्रों के गणमान्यजन, जनप्रतिनिधि और विशिष्ट नागरिक पहुंचे और राजमाता साहिबा को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

श्रद्धांजलि सभा में उपस्थित लोगों ने राजमाता साहिबा के चित्र पर पुष्पमाला अर्पित कर श्रद्धासुमन अर्पित किए। इसके बाद उन्होंने श्रीजी हुजूर डॉ. लक्ष्यराज सिंह मेवाड़ से मुलाकात कर गहरी शोक संवेदनाएं व्यक्त कीं और मेवाड़ राजपरिवार के प्रति अपनी संवेदना प्रकट की।

इस दौरान लोगों ने राजमाता साहिबा के स्नेहपूर्ण व्यवहार, सरलता, गरिमामय व्यक्तित्व और समाज के प्रति उनके आत्मीय जुड़ाव को याद किया। श्रद्धांजलि देने पहुंचे लोगों ने उनके निधन को अपूरणीय क्षति बताते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना

शोकसभा में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के क्षेत्रीय प्रचारक निंबारामजी, पंजाब के राज्यपाल एवं चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाब चंद कटारिया, ओडिशा के उपमुख्यमंत्री कनकवर्धन सिंह देव, बलांगीर से भाजपा सांसद संगीता कुमारी सिंह देव, चित्तौड़गढ़ विधायक चंद्रभान सिंह आक्या, जैसलमेर विधायक छोटू सिंह भाटी, मध्यप्रदेश भाजपा प्रवक्ता राजपाल सिंह सिसोदिया सहित कई प्रमुख लोग उपस्थित रहे।

इसके अलावा मार्बल व्यवसायी विमल पटनी, बोहरा समुदाय के गणमान्य नागरिकों सहित विभिन्न सामाजिक एवं व्यावसायिक क्षेत्रों से जुड़े लोगों ने भी राजमहल पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित की। बड़ी संख्या में आमजन भी शोकसभा में शामिल हुए।

राजमहल परिसर में पूरे कार्यक्रम के दौरान वातावरण बेहद भावुक और शोकपूर्ण रहा। उपस्थित लोगों ने मौन एवं श्रद्धाभाव के साथ राजमाता साहिबा को अंतिम श्रद्धांजलि दी और शोकाकुल मेवाड़ राजपरिवार को इस कठिन समय में धैर्य एवं संबल प्रदान करने की कामना की।

इस अवसर पर डॉ. लक्ष्यराज सिंह मेवाड़ के सुपुत्र हरिराज सिंह मेवाड़ ने भी श्रद्धांजलि देने पहुंचे गणमान्य नागरिकों एवं आमजन का अभिवादन स्वीकार किया और उनकी संवेदनाओं के लिए आभार व्यक्त किया।

Spread the love