सीकर। सीकर में सोमवार से 70वें स्टेट लेवल हैंडबॉल टूर्नामेंट का शानदार आगाज हुआ। स्वामी केशवानंद शिक्षण संस्थान समूह के स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित इस प्रतियोगिता में प्रदेश के 41 जिलों और 4 खेल अकादमियों की 90 टीमें हिस्सा ले रही हैं। प्रतियोगिता में 17 और 19 वर्ष आयु वर्ग के करीब 1600 से अधिक खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं।
टूर्नामेंट के उद्घाटन मुकाबले में मेजबान सीकर की टीम ने पाली को 25-10 के बड़े अंतर से हराकर शानदार शुरुआत की। सीकर की टीम ने शुरुआत से ही आक्रामक खेल दिखाया और मुकाबले में अपनी पकड़ बनाए रखी।
ध्वजारोहण के साथ हुई प्रतियोगिता की शुरुआत
प्रतियोगिता के उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि अतिरिक्त जिला कलेक्टर अनिल महला रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में सीकर एडिशनल एसपी डॉ. तेजपाल सिंह, धोद एसडीएम राहुल मल्होत्रा और अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी बाबूलाल गुर्जर मौजूद रहे।
अतिथियों ने ध्वजारोहण कर प्रतियोगिता की औपचारिक शुरुआत की। इसके बाद अतिथियों ने प्रतियोगिता में भाग लेने वाले खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और उन्हें शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में डायरेक्टर रामनिवास ढाका, संरक्षक जोर सिंह ढाका, सुरेंद्र सिंह, गोपाल सिंह सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।
नेशनल लेवल कोच करेंगे सुपरविजन
आयोजकों के अनुसार, प्रतियोगिता के दौरान हैंडबॉल के नेशनल लेवल के कोच भी खिलाड़ियों और मुकाबलों का सुपरविजन करेंगे। बड़ी संख्या में खिलाड़ियों के पहुंचने से प्रतियोगिता के मुकाबलों में रोमांच बढ़ने की उम्मीद है।
ADM अनिल महला ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में इस तरह के राज्य स्तरीय आयोजन होने से छोटे-छोटे गांवों के खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का बेहतर मंच मिलता है। ऐसे आयोजन खिलाड़ियों को आगे बढ़ने और राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने का अवसर प्रदान करते हैं।
जैसलमेर एकेडमी ने जोधपुर को हराया
उद्घाटन मुकाबले के अलावा जैसलमेर एकेडमी और जोधपुर के बीच भी मुकाबला हुआ। इसमें जैसलमेर एकेडमी ने जोधपुर को 25-7 से हराकर अगले दौर में जगह बनाई।
इस तरह शुरुआती मुकाबलों के बाद सीकर और जैसलमेर एकेडमी की टीमों ने अगले राउंड के लिए क्वालिफाई कर लिया है।
प्रतियोगिता का आयोजन 3 अक्टूबर तक किया जाएगा। इस दौरान प्रदेशभर से आई टीमें खिताब के लिए मुकाबला करेंगी। खिलाड़ियों और टीमों के प्रदर्शन पर खेलप्रेमियों की नजर बनी हुई है।
