सामर-भट्ट के बीच खींचतान के बाद पारस सिंघवी भाजपा के मेयर प्रत्याशी

अंतिम दौर में बदला समीकरण, पूर्व उप महापौर पारस सिंघवी ने दाखिल किया नामांकन

उदयपुर। उदयपुर नगर निगम में महापौर पद को लेकर भारतीय जनता पार्टी के भीतर पिछले कई दिनों से चल रही कवायद बुधवार को पारस सिंघवी के नाम पर थम गई। पार्टी ने पूर्व उप महापौर और वार्ड 24 से निर्वाचित पार्षद पारस सिंघवी को महापौर पद का अधिकृत प्रत्याशी घोषित किया। इसके बाद सिंघवी ने पार्टी नेताओं और समर्थकों की मौजूदगी में नगर निगम पहुंचकर अपना नामांकन दाखिल किया। नामांकन के दौरान निगम परिसर में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।

महापौर पद के लिए पिछले दिनों भाजपा में प्रमोद सामर और दिनेश भट्ट के नाम प्रमुखता से चर्चा में थे। पार्टी ने अपने 53 नवनिर्वाचित पार्षदों की राय जानने के लिए पर्चियों के माध्यम से पसंदीदा नाम भी मांगे थे। इसी बीच पूर्व उप महापौर पारस सिंघवी का नाम भी लगातार चर्चा में बना रहा।

सामर और भट्ट के नाम को लेकर पार्टी के अलग-अलग स्तरों पर समर्थन की चर्चा के बीच अंतिम समय तक महापौर पद के चेहरे को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं थी। बुधवार को पार्टी के भीतर हुए विचार-विमर्श के बाद पारस सिंघवी के नाम पर सहमति बनी और उन्हें अधिकृत प्रत्याशी घोषित कर दिया गया। इसके साथ ही महापौर पद के लिए चल रही कई दिनों की राजनीतिक हलचल का एक चरण पूरा हुआ।

पारस सिंघवी लंबे समय से भाजपा संगठन और नगर निगम की राजनीति में सक्रिय रहे हैं। वे पूर्व में नगर निगम के उप महापौर भी रह चुके हैं। इस बार वे वार्ड 24 से पांचवीं बार पार्षद निर्वाचित हुए हैं। नामांकन के दौरान भाजपा शहर जिलाध्यक्ष गजपाल सिंह राठौड़ समेत पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। नामांकन के बाद सिंघवी भावुक भी नजर आए।

भाजपा ने हालिया नगर निगम चुनाव में 80 में से 53 वार्डों में जीत दर्ज की है, जबकि कांग्रेस को 23 सीटें मिलीं और चार सीटें अन्य के खाते में गईं। इसके बाद भाजपा के पास महापौर पद के लिए पर्याप्त पार्षद संख्या है।

उधर, कांग्रेस की ओर से डॉ. पूनम कुंवर को महापौर पद का प्रत्याशी बनाया गया है और उन्होंने भी अपना नामांकन दाखिल कर दिया है। अब महापौर पद के लिए भाजपा के पारस सिंघवी और कांग्रेस की डॉ. पूनम कुंवर के बीच मुकाबला होगा।

नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब सभी की नजरें महापौर चुनाव की अगली प्रक्रिया पर हैं। भाजपा के भीतर जिस पद को लेकर कई दिनों तक प्रमोद सामर और दिनेश भट्ट के नामों पर चर्चा चल रही थी, वहां अंतिम समय में पारस सिंघवी को प्रत्याशी बनाए जाने से उदयपुर नगर निगम की राजनीति में नया समीकरण सामने आया है।

Spread the love