पहाड़ियों में लहलहा रही थी नशे की फसल, पुलिस ने उखाड़े 11 क्विंटल से ज्यादा पौधे

उदयपुर। जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मांडवा थाना पुलिस और जिला विशेष टीम (DST) ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस टीम ने दुर्गम पहाड़ियों में छिपाकर की जा रही अवैध गांजा और भांग की खेती का खुलासा करते हुए 11 क्विंटल से ज्यादा नशीले पौधों को नष्ट कर जब्त किया है।

पुलिस के अनुसार मुखबिर से सूचना मिली थी कि मांडवा थाना क्षेत्र के मौजा साड़ी स्थित नदी फला की दुर्गम पहाड़ियों में अवैध रूप से गांजा और भांग की खेती की जा रही है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस और DST की संयुक्त टीम ने तड़के पहाड़ी इलाके में सर्च ऑपरेशन शुरू किया।

दुर्गम पहाड़ियों और झाड़ियों के बीच पुलिस टीम को कई जगहों पर नशे के पौधे उगे हुए मिले। टीम ने मौके पर पहुंचकर अवैध रूप से की जा रही पूरी फसल को उखाड़ना शुरू किया। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने कुल 1149.500 किलो अवैध पौधे जब्त किए।

इनमें 17.450 किलो गांजे के पौधे और 1132.05 किलो भांग के हरे पौधे शामिल बताए गए हैं। पुलिस ने मौके पर मिली अवैध फसल को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

छह खेतों में मिली नशे की खेती

पुलिस के मुताबिक कार्रवाई कविताराम, नकलाराम, होल्याराम, किरण, राविया और नारायण के खेतों में की गई। इन खेतों में कथित तौर पर छिपाकर नशीले पौधे उगाए जा रहे थे।

मामले में मांडवा थाने में कुल 7 प्रकरण दर्ज किए गए हैं। इनमें एक मामला एनडीपीएस एक्ट के तहत, जबकि छह मामले आबकारी अधिनियम के तहत दर्ज किए गए हैं।

नशे के नेटवर्क की तलाश में पुलिस

यह कार्रवाई एसपी डॉ. अमृता दुहन के निर्देशन में की गई। मांडवा थानाधिकारी मूंगलाराम और DST प्रभारी चंद्रभान सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने दुर्गम पहाड़ियों में पहुंचकर कार्रवाई को अंजाम दिया।

पुलिस अब अवैध खेती से जुड़े लोगों के साथ-साथ इसके पीछे सक्रिय नशे के नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है। आरोपियों और इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।

पुलिस की इस कार्रवाई के बाद दुर्गम पहाड़ी इलाकों में छिपाकर की जा रही अवैध नशे की खेती को लेकर भी कई सवाल सामने आए हैं। फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है।

Spread the love