उदयपुर में BJP की बाड़ेबंदी, 80 प्रत्याशी दो बसों से रवाना

उदयपुर। नगर निगम के 80 वार्डों में मतदान संपन्न होने के बाद भाजपा ने अपने प्रत्याशियों की बाड़ेबंदी शुरू कर दी है। शुक्रवार रात शहर के 100 फीट रोड स्थित एक होटल में पार्टी के सभी 80 प्रत्याशियों को प्रशिक्षण बैठक के नाम पर एकत्र किया गया।

बैठक में प्रत्याशियों से उनके-अपने वार्ड में हुए मतदान प्रतिशत और चुनावी स्थिति को लेकर वार्डवार फीडबैक लिया गया। इसके बाद रात करीब सवा 11 बजे दो बसों में सभी प्रत्याशियों को अज्ञात स्थान के लिए रवाना किया गया।

बताया जा रहा है कि प्रत्याशियों को उदयपुर से बाहर किसी होटल में ठहराया जाएगा और मतगणना तक बाड़ेबंदी में रखा जा सकता है। खास बात यह रही कि कई प्रत्याशी अपने साथ दो-दो बैग लेकर बैठक में पहुंचे थे। इससे पहले से ही उनके लंबे समय तक बाहर रहने के कयास लगाए जा रहे थे।

बैठक में भाजपा शहर विधायक ताराचंद जैन, ग्रामीण विधायक फूलसिंह मीणा सहित पार्टी के पदाधिकारी और प्रमुख कार्यकर्ता मौजूद रहे।

मतदान के बाद भाजपा की ओर से की गई इस बाड़ेबंदी को मतगणना से पहले पार्टी की रणनीति के तौर पर देखा जा रहा है। अब सभी की नजरें मतगणना पर टिकी हैं, जहां EVM में कैद जनादेश सामने आएगा और पता चलेगा कि उदयपुर नगर निगम के 80 वार्डों में जनता ने किसके पक्ष में फैसला सुनाया है।

Spread the love